JNTU हैदराबाद में छात्र गुटों में झड़प, वीडियो में जाने तीज उत्सव के दौरान विवाद, लाठियां चलीं; कई छात्र घायल
जवाहरलाल नेहरू टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (JNTU) हैदराबाद में गुरुवार देर रात दो छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई। कैंपस में चल रहे तीज उत्सव के दौरान शुरू हुए विवाद ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। घटना में कई छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, झड़प मंजिरा और गौतमी हॉस्टल के छात्रों के बीच हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक छात्र ने कथित तौर पर एक छात्रा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद कुछ छात्रों ने उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए।
दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर बरसाईं लाठियां
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया। झड़प में कई छात्र घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य गेट के सामने छात्रों का प्रदर्शन
झड़प के विरोध में छात्रों ने JNTU के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर धरना भी दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
झड़प की असली वजह की जांच
पुलिस के मुताबिक, अभी तक विवाद की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और झड़प में शामिल छात्रों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।फिलहाल कैंपस में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। मामले में आगे की जानकारी और पुलिस की जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।

