संजय मारपीट मामले में CJP का प्रदर्शन: पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में 3 घंटे चला विरोध, वीडियो में जाने पुलिस ने 72 घंटे में गिरफ्तारी का दिया आश्वासन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय के साथ मारपीट मामले को लेकर CJP ने शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करीब 3 घंटे तक चला। CJP कार्यकर्ताओं की मांग थी कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन के दौरान CJP प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत हुई। पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले में आरोपी के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की जाएगी।
जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान मारपीट का आरोप
दरअसल, नीशू आजाद का आरोप है कि 23 जून को जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ स्वतंत्र भारद्वाज ने मारपीट की थी। इस घटना के बाद मामला चर्चा में आया, जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज कथित तौर पर संजय पर हमला करने की बात स्वीकार करते नजर आए। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने यह कार्रवाई सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) में की थी।
सौरव दास ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
CJP नेता सौरव दास ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब आरोपी खुद हमले की बात स्वीकार कर रहा है तो उसके खिलाफ अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई।उन्होंने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
स्वतंत्र भारद्वाज का दावा- "संजय के सिर पर किया था हमला"
वायरल पॉडकास्ट में स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया कि उन्होंने संजय के सिर पर हमला किया था, जिसके बाद उन्हें करीब 60 टांके लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा।फिलहाल पुलिस ने CJP प्रतिनिधियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब सभी की नजरें इस मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

