पिता से मारपीट के विरोध में CJP का मार्च, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंचे कार्यकर्ता; वीडियो में जाने आरोपी पर कार्रवाई न होने का आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को अपने कार्यकर्ता नीशू भारद्वाज के पिता संजय भारद्वाज से कथित मारपीट के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च निकाला। प्रदर्शन में CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में जल्द और ठोस कार्रवाई की मांग की। नीशू भारद्वाज का आरोप है कि 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय भारद्वाज के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और सिर फोड़ दिया गया। CJP का कहना है कि घटना को लेकर पुलिस में FIR दर्ज कराई गई थी, लेकिन करीब डेढ़ महीने बीत जाने के बावजूद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी की जा रही है। इस बीच स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसके द्वारा संजय भारद्वाज पर हमला करने की बात स्वीकार किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में स्वतंत्र ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उसने हमला सेल्फ डिफेंस में किया था।वीडियो सामने आने के बाद CJP ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेता सौरव दास ने कहा कि जब आरोपी खुद हमले की बात स्वीकार कर रहा है, तो पुलिस कार्रवाई करने से क्यों बच रही है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राहुल गांधी से भी मांगी मदद
इस मामले को लेकर नीशू आजाद ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मदद मांगी थी। राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा देते हुए कहा था, “हम तुम्हारे साथ हैं।” इसके बाद मामला राजनीतिक स्तर पर भी चर्चा में आ गया है।दरअसल, राहुल गांधी इससे पहले 20 अगस्त कोपार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठे थे। उन्होंने छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए साहिल की FIR दर्ज करने की मांग को लेकर करीब छह घंटे तक प्रदर्शन किया था।
CJP नेताओं का कहना है कि पुलिस को राजनीतिक दबाव से अलग होकर मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और वायरल पॉडकास्ट वीडियो को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

