शिवाजी पार्क में CJP का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; फुटेज में देंखे 10 अक्टूबर को दिल्ली कूच का ऐलान
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सवाल उठाए। CJP ने पहले ही इस प्रदर्शन को अपने राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत बताया था।प्रदर्शन में पार्टी के मंच पर मौजूद लोग महात्मा गांधी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने नजर आए। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और जवाहरलाल नेहरू का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गांधी देश की आत्मा हैं, अंबेडकर देश की रीढ़ हैं और नेहरू दिमाग हैं।
दीपके ने मुंबई के प्रदर्शन को आगे होने वाले आंदोलन का ‘ट्रेलर’ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर होगा। शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दीपके ने घोषणा की कि यदि ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 10 अक्टूबर को देशभर से CJP के समर्थक दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण रखने और महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलने की बात कही। दीपके ने अपने पोस्ट में कहा कि अगर दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकती है तो जिस जगह उन्हें रोका जाएगा, वहीं प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बताते हुए लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।
SIR को लेकर भी सवाल
CJP का विरोध मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूची के SIR को लेकर भी है। संगठन ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची में कथित बदलावों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है। CJP ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग भी उठाई है। शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक प्रदर्शन में फिल्म और कला जगत से जुड़े लोग भी पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए गए।
CJP की ओर से मुंबई के बाद देश के अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शन की योजना बताई गई है। संगठन का कहना है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाला कार्यक्रम आंदोलन का अगला बड़ा चरण होगा। इस बीच चुनाव आयोग और SIR को लेकर राजनीतिक दलों तथा विभिन्न संगठनों के बीच बहस भी तेज हो गई है।हालांकि, SIR को लेकर उठाए जा रहे आरोपों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर अलग-अलग पक्षों के दावे हैं। चुनाव आयोग की ओर से चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपने स्पष्टीकरण दिए गए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में CJP के आंदोलन और SIR से जुड़े विवाद पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

