Samachar Nama
×

सीजेपी के प्रदर्शन पर विपक्ष एकजुट, कहा-ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

सीजेपी के प्रदर्शन पर विपक्ष एकजुट, कहा-ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन
सीजेपी के प्रदर्शन पर विपक्ष एकजुट, कहा-ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

मुंबई/लखनऊ/नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे सीजेपी के प्रदर्शन पर विपक्षी नेताओं ने सरकार को घेरा है। कई नेताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह प्रदर्शन देशभर में जारी रहेगा।

कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने लोगों की हिरासत पर प्रतिक्रिया देते हुए आईएएनएस से कहा, "इतनी बड़ी संख्या में युवा सड़कों पर उतर रहे हैं, इससे पता चलता है कि मौजूदा सरकार के दिन गिने-चुने हैं। सरकार चाहे जो कर ले, चाहे सेना, अर्धसैनिक बल, रिजर्व बल या पूरी पुलिस फोर्स लगा दे, युवा विरोध करते रहेंगे। मैं विशेष रूप से मानता हूं कि जिस तरह से युवा महिलाएं लड़ रही हैं, वह इस देश का भविष्य हैं।"

लखनऊ में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के जाने तक यह प्रदर्शन देशभर में जारी रहेगा। उन्होंने कहा, "हार गए जेन जी के आगे लाठी-वाठी, हंटर-वंटर, भारत फिर से एक हुआ है, गर्व है तुझ पर जंतर-मंतर।" उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन किसी पार्टी का नहीं बल्कि जेन जी का है। भारत का युवा जान चुका है कि ज्ञानेश कुमार किसके लिए वोट चोरी कर रहे हैं।

दिल्ली में सीपीआई (एम) के सांसद जॉन ब्रिटास ने भी प्रदर्शन को लेकर कहा कि यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ज्ञानेश कुमार को सपोर्ट कर रहे हैं। एसआईआर को लेकर जो प्रोटेस्ट हो रहा है, वह राष्ट्रीय प्रदर्शन है। इस दौरान जॉन ब्रिटास को कनॉट प्लेस पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए हिरासत में भी लिया गया।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि पूरा देश जान रहा है कि ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी की है। लोकतांत्रिक तरीके से अगर कोई अपनी बात कहना चाहता है, धरना प्रदर्शन करना चाहता है तो उसे अनुमति मिलनी चाहिए। दिल्ली में पुलिस ने कनॉट प्लेस पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story