Samachar Nama
×

सीजेपी के प्रदर्शन पर भाजपा नेता अजय आलोक का तंज, मणिशंकर अय्यर और इमरान मसूद पर भी साधा निशाना

सीजेपी के प्रदर्शन पर भाजपा नेता अजय आलोक का तंज, मणिशंकर अय्यर और इमरान मसूद पर भी साधा निशाना
सीजेपी के प्रदर्शन पर भाजपा नेता अजय आलोक का तंज, मणिशंकर अय्यर और इमरान मसूद पर भी साधा निशाना

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता अजय आलोक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, भारत-पाकिस्तान संबंधों, मणिशंकर अय्यर के बयान और कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर जारी राजनीतिक विवाद सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान अजय आलोक ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "जब कॉकरोच अधिक एकत्रित हो जाते हैं तो स्प्रे करना ही पड़ता है।"

फारूक अब्दुल्ला की ओर से चुनाव आयोग को स्वतंत्र नहीं बनाए जाने को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की गलती बताए जाने पर भाजपा नेता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अब विपक्षी नेताओं को भी नेहरू की गलतियां दिखाई देने लगी हैं। अजय आलोक ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग पहले कितना स्वतंत्र था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में अपनी पसंद के लोगों को चुनाव आयुक्त बनाया जाता था।

उन्होंने कहा कि पहली बार कानून बनाकर तीन सदस्यीय नियुक्ति समिति की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि ऐसी व्यवस्था पहले क्यों नहीं की गई।

पाकिस्तान को लेकर कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर भी अजय आलोक ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस और मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान से बातचीत को लेकर इतना जोर क्यों देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान से बातचीत करना चाहते हैं तो वे इस्लामाबाद जाकर ऐसा कर सकते हैं, लेकिन भारत से पाकिस्तान के साथ बातचीत करने की उम्मीद क्यों की जा रही है।

कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयान पर अजय आलोक ने उन पर और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने इस पूरे मामले को 9/11 आतंकी हमलों से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए। अजय आलोक ने दावा किया कि दुनिया के कई प्रमुख नेताओं ने कैप्टन स्मित मच्छार की प्रशंसा की, लेकिन कांग्रेस नेताओं की तरफ से उनके समर्थन में कुछ नहीं कहा गया।

उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति के जरिए भारतीय मुसलमानों का भी अपमान किया जा रहा है।

भाजपा नेता ने आगे आरोप लगाया कि भारत में अस्थिरता और अराजकता पैदा करने तथा संवैधानिक संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इसके पीछे विदेशी ताकतों, इस्लामिक संगठनों और कम्युनिस्ट ताकतों की भूमिका होने का आरोप भी लगाया। अजय आलोक ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से उन्हीं लोगों को फायदा होगा जो भारत का हित नहीं चाहते।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags