Samachar Nama
×

सीआईएसएफ में पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती, 24 पदों के लिए 7 जुलाई तक करें आवेदन

सीआईएसएफ में पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती, 24 पदों के लिए 7 जुलाई तक करें आवेदन
सीआईएसएफ में पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती, 24 पदों के लिए 7 जुलाई तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने पैरामेडिकल स्टाफ के विभिन्न 24 अस्थायी पदों को भरने के लिए देश के पात्र पुरुष और महिला नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अप्‍लाई करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई निर्धारित की गई है।

सीआईएसएफ की ओर से पैरामेडिकल स्टाफ पोस्ट के लिए जारी 24 रिक्तियों में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) (फार्मासिस्ट) के 18, एएसआई (एक्स-रे तकनीशियन) का एक और एएसआई (प्रयोगशाला तकनीशियन) के पांच पद शामिल हैं।

इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 जून से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सीआईएसएफ के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई तय की गई है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एसआई (फार्मासिस्ट) पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से 12वीं उत्तीर्ण और केंद्र या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से फार्मेसी में डिप्लोमा या डिग्री प्राप्त होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स का फार्मेसी अधिनियम, 1948 के तहत 'फार्मासिस्ट' के रूप में पंजीकृत होना चाहिए।

एएसआई (एक्स-रे तकनीशियन) पद के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से 12वीं उत्तीर्ण और केंद्र या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से रेडियोग्राफी में दो-वर्षीय डिप्लोमा प्राप्त होना चाहिए।

एएसआई (प्रयोगशाला तकनीशियन) पद के लिए अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से विज्ञान विषय में 12वीं उत्तीर्ण और केंद्र या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में दो-वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (ओएमआर/सीबीटी मोड - वस्तुनिष्ठ प्रकार), शॉर्टलिस्टिंग, शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) और दस्तावेजीकरण, बुनियादी व्यावसायिक योग्यता परीक्षण (बीवीएटी) और विस्तृत चिकित्सा परीक्षण (डीएमई)/समीक्षा चिकित्सा परीक्षण (आरएमई) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 29,200 से 92,300 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/ईएसएम और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags