दिल्ली मेट्रो में CISF जवान पर युवती की फोटो चोरी-छिपे लेने का आरोप, वीडियो में देंखे यात्रियों ने छीना फोन
दिल्ली मेट्रो की यलो लाइन से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ यात्री CISF के एक जवान से छीना-झपटी करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में यात्रियों ने जवान का फोन अपने कब्जे में ले लिया। कुछ लोग जवान का कॉलर पकड़कर उसे खींचते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। यह पूरा मामला शनिवार देर रात AIIMS मेट्रो स्टेशन का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एक युवती ने CISF जवान पर आरोप लगाया कि उसने चोरी-छिपे उसकी तस्वीरें अपने मोबाइल फोन से खींची थीं। युवती के मुताबिक, जब उसने जवान से इस बारे में सवाल किया तो उसने तस्वीरें लेने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद जब मोबाइल फोन की गैलरी चेक की गई तो उसमें युवती की कई तस्वीरें मिलीं। इसके बाद विवाद बढ़ गया।
युवती ने कथित तौर पर जवान से तस्वीरें डिलीट करने के लिए कहा। इसी दौरान मेट्रो में मौजूद अन्य यात्री भी मामले में शामिल हो गए। यात्रियों ने CISF जवान का फोन छीन लिया और उससे सवाल-जवाब करने लगे। वायरल वीडियो में कई लोग जवान से तस्वीरें लेने को लेकर जवाब मांगते दिखाई दे रहे हैं।वीडियो में युवती को जवान से अपनी तस्वीरें डिलीट करने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है। घटना के दौरान मेट्रो कोच में काफी हंगामा होता दिखाई दे रहा है। कुछ यात्रियों ने जवान का कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ बहस करते नजर आए।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि विवाद के दौरान CISF जवान ने यात्रियों पर बंदूक तान दी थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ था।घटना शनिवार देर रात दिल्ली मेट्रो की यलो लाइन पर AIIMS मेट्रो स्टेशन के पास हुई। इसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद CISF ने भी घटना को गंभीरता से लिया है।
CISF सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी सामने आने के कुछ ही समय बाद संबंधित अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि युवती की तस्वीरें किस परिस्थिति में ली गईं और फोन में तस्वीरें मौजूद होने के पीछे क्या वजह थी।इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की निजता और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।

