Samachar Nama
×

सिनसिनाटी ओपन: कोको गॉफ बनीं चैंपियन, फिल्स ने जीता पहला एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब

सिनसिनाटी ओपन: कोको गॉफ बनीं चैंपियन, फिल्स ने जीता पहला एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब
सिनसिनाटी ओपन: कोको गॉफ बनीं  चैंपियन, फिल्स ने जीता पहला एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब

सिनसिनाटी, 24 अगस्त (आईएएनएस)। आर्थर फिल्स ने आखिरी सेट में बेहतरीन खेल दिखाते हुए अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो को हराकर अपना पहला एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीता। उन्होंने सिनसिनाटी ओपन के फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा किया।

वहीं, महिलाओं में कोको गॉफ ने हमवतन जेसिका पेगुला के खिलाफ फाइनल में जीत दर्ज करते हुए अपना दूसरा सिनसिनाटी ओपन टाइटल जीता। 21वीं वरीयता प्राप्त फिल्स ने दूसरे सेट में पिछड़ने के बाद 17वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी टियाफो को 6-3, 1-6, 6-0 से हराया और अपने करियर का सबसे अहम खिताब हासिल किया।

फ्रांस के खिलाड़ी ने दमदार आगाज किया और पहले सेट में 3-0 की बढ़त हासिल की। टियाफो ने होल्ड करके बराबरी कर ली, लेकिन फिल्स बेसलाइन से दबाव बनाते रहे। फिल्स ने 5-3 की बढ़त बनाई और फिर सेट खत्म करने के लिए एक परफेक्ट गेम सर्व किया, जिसमें उन्होंने एक भी प्वाइंट गंवाए बिना लगातार तीन एस मारे।

सिनसिनाटी में अपने दूसरे फाइनल में टियाफो ने दूसरे सेट में वापसी की और फिल्स की सर्व ब्रेक करते हुए 3-0 की बढ़त बना ली। उन्होंने अपने फोरहैंड का शानदार अंदाज में इस्तेमाल किया। वह दूसरे सेट को 6-1 से अपने नाम करने में सफल रहे। हालांकि, फ्रांस के खिलाड़ी फिल्स ने तीसरे सेट में बढ़त बनाने में कामयाब रहे, उन्होंने टियाफो की बैकहैंड गलतियों का फायदा उठाते हुए दो बार सर्व ब्रेक करके 4-0 की बढ़त बनाई। फिल्स की स्पीड और पावर अमेरिकी खिलाड़ी के मुकाबले काफी अधिक रही और फ्रेंचमैन ने एक लंबी फाइनल रैली के बाद एक बैगल पूरा करके खिताब जीता।

खिताब जीतने के बाद फिल्स ने कहा, "यह मुश्किल था, क्योंकि मैंने बहुत मजबूती से शुरुआत की थी, और फिर दूसरे सेट में मेरा थोड़ा फोकस भटक गया। इस तरह का एक खिताब जीत पाना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। इसके लिए बहुत सारी ट्रेनिंग, बहुत सारी चीजें, बहुत सारा त्याग करना पड़ता है।" यह फिल्स की मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में पहली जीत है। सिनसिनाटी में अच्छे प्रदर्शन के बाद मिली इस जीत से उन्होंने साबित कर दिया है कि वह एटीपी टूर के उभरते सितारों में से एक हैं।

महिलाओं के फाइनल में चौथी रैंक वाली खिलाड़ी गॉफ ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और दुनिया की नंबर 3 खिलाड़ी पेगुला को 6-2, 6-4 से हराकर सिनसिनाटी ओपन में अपना दूसरा खिताब जीता। 22 साल की अमेरिकी खिलाड़ी ने पहले सेट में दो बार सर्व तोड़ी और पेगुला के दो डबल फॉल्ट का फायदा उठाकर 5-0 की बढ़त बना ली। सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन इगा स्वियाटेक को हराने वाले खिलाड़ी ने बिना कोई प्वाइंट गंवाए गॉफ की सर्विस तोड़कर 5-2 की बढ़त बनाई, लेकिन यह बढ़त काफी नहीं रही। गॉफ ने अपने दमदार फोरहैंड से रैली पर पकड़ बनाए रखी।

दूसरे सेट में गॉफ ने पेगुला के खराब रिटर्न का फायदा उठाया और 3-0 की बढ़त बना ली।सातवें गेम में पेगुला ने बिना कोई प्वाइंट गंवाए अपनी सर्विस बचाई और फिर गॉफ की सर्विस तोड़कर स्कोर 5-4 कर दिया, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद जगी। मगर गॉफ ने तुरंत वापसी करते हुए उनकी सर्विस तोड़ दी और मैच जीत लिया। यह उनके करियर का 12वां सिंगल्स खिताब है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags