हनुमान जी की जन्मस्थली पहुंचे चंकी पांडे, विशेष पूजा-अर्चना की
मुंबई, 10 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता चंकी पांडे अपने मजाकिया अंदाज को लेकर दर्शकों के बीच खास पहचान रखते हैं। हाल ही में अभिनेता ने रामभक्त हनुमान की जन्मस्थली के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने लोकसभा सदस्य साक्षी महाराज से मुलाकात की।
चंकी पांडे ने इस पवित्र यात्रा की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कीं। तस्वीरों में चंकी मंदिर में पूजा करते नजर आ रहे हैं। कुछ फोटोज में वे पंडित जी के साथ नजर आ रहे हैं, तो एक में वे साक्षी महाराज के साथ पोज देते हुए भी दिख रहे हैं।
अभिनेता ने लिखा, "जय हनुमान जी। नाशिक के अंजनेरी पहाड़ियों के पास स्थित हनुमान जी मंदिर में सुंदर दर्शन हुए। यह हनुमान जी की जन्मस्थली है।"
अभिनेता के पोस्ट शेयर करने के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री के कई लोगों ने कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने हार्ट और फायर इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।
रामभक्त हनुमान की जन्मस्थली महाराष्ट्री के नासिक जिले में स्थित अंजेरी पहाड़ियों के पास स्थित है। यह जगह हनुमान भगवान की जन्मस्थली मानी जाती है। कहा जाता है कि यहीं पर माता अंजना ने पवनपुत्र को जन्म दिया था। अंजनेरी में हनुमान जी का खास मंदिर है, जहां श्रद्धालु दूर-दूर से दर्शन करने आते हैं। यह स्थान त्र्यंबकेश्वर के पास है और प्राकृतिक सुंदरता से भरा हुआ है।
चंकी पांडे इन दिनों अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर व्यस्त चल रहे हैं, जिसकी घोषणा जल्द ही होगी। अभिनेता हाल ही में फिल्म 'राहु केतू' में नजर आए थे।
'राहु-केतू' को जी स्टूडियोज और बीलाइव प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है और फिल्म का डायरेक्शन विपुल विग ने किया है। फिल्म में पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा समेत शालिनी पांडे मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसके अलावा, फिल्म में चंकी पांडे, अमित सियाल और मनुऋषि चड्ढा भी महत्वपूर्ण किरदारों में दिखे थे। यह फिल्म 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी, जिसे दर्शकों ने पसंद किया था। वहीं, बॉक्स ऑफिस में भी फिल्म ने ठीक ठाक कमाई की थी।
--आईएएनएस
एनएस/डीएससी

