Samachar Nama
×

चुनाव में कोई कहीं भी जा सकता है, देश राहुल गांधी की ओर देख रहा: अजय राय

चुनाव में कोई कहीं भी जा सकता है, देश राहुल गांधी की ओर देख रहा: अजय राय
चुनाव में कोई कहीं भी जा सकता है, देश राहुल गांधी की ओर देख रहा: अजय राय

लखनऊ, 24 सितंबर (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा, कांग्रेस के आगामी चुनावी अभियान और एसआईआर को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चुनावी समय में कोई भी नेता किसी भी क्षेत्र में जा सकता है, लेकिन आज देश राहुल गांधी की ओर देख रहा है।

अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा को लेकर भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर अजय राय ने कहा कि चुनाव का समय है और कोई भी व्यक्ति कहीं भी जा सकता है। अखिलेश यादव रायबरेली और अमेठी जा सकते हैं, कांग्रेस के नेता भी कन्नौज, इटावा और सैफई जा सकते हैं। इसमें कोई असामान्य बात नहीं है। हालांकि, देश आज राहुल गांधी की तरफ देख रहा है। राहुल गांधी आम आदमी से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी लगातार सवाल कर रहे हैं।

अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी ने शुरुआत से ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की श्रृंखला के जरिए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर सत्ता की मदद करने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के सवाल उठाए हैं। राय ने विशेष रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए कहा कि राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मदद कर रहे हैं। इस मुद्दे को राहुल गांधी ने मजबूती से उठाया है।

कांग्रेस के प्रचार अभियान को लेकर अजय राय ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगातार मेहनत कर रहे हैं। कांग्रेस जहां भी अन्याय हो रहा है, वहां अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। वह हाल में तौकीर रजा के घर भी गए थे। सरकार मौलाना तौकीर रजा को प्रताड़ित कर रही है और उन्हें विभिन्न आरोपों में जेल भेजा गया है।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता उन सभी मामलों को उठा रहा है जहां उसे अन्याय दिखाई देता है। उन्होंने मस्जिदों को नोटिस दिए जाने, सहारनपुर में मस्जिद तोड़ने की बात, कुशीनगर की हाटा मस्जिद और लखनऊ से जुड़े मामलों का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठाया। सीतापुर में सामने आए एक मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह हाल में सीतापुर गए थे, जहां होमगार्ड भर्ती के लिए आए एक युवक के गले में बोतल मिलने की बात सामने आई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह कहा जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान बोतल चली गई होगी, तो ढाई सौ मिलीलीटर की बोतल इस तरह कैसे चली जाएगी। राय ने आरोप लगाया कि युवक के साथ जबरदस्ती की गई और उसके साथ मारपीट हुई।

उन्होंने कहा कि वह मौके से होकर आए हैं और कांग्रेस इस मामले को भी उठा रही है। अजय राय ने कहा कि जहां भी अत्याचार होगा, वहां कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।

राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश में चुनावी दौरे को लेकर पूछे जाने पर अजय राय ने कहा कि पार्टी के सभी नेता अपने स्तर पर काम कर रहे हैं और मेहनत जारी है। उन्होंने फिलहाल राहुल गांधी के दौरे की कोई स्पष्ट तारीख नहीं बताई, लेकिन कहा कि कांग्रेस संगठन लगातार अपने अभियान को आगे बढ़ा रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story