Samachar Nama
×

सीबीआई की कार्रवाई, चुनाव बाद हिंसा मामले में फरार आरोपी खालिद महाराष्ट्र से गिरफ्तार

सीबीआई की कार्रवाई, चुनाव बाद हिंसा मामले में फरार आरोपी खालिद महाराष्ट्र से गिरफ्तार
सीबीआई की कार्रवाई, चुनाव बाद हिंसा मामले में फरार आरोपी खालिद महाराष्ट्र से गिरफ्तार

काेलकाता, 29 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 के चुनाव बाद हिंसा से जुड़े चर्चित हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए घोषित अपराधी खालिद-उज-जमान को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के येताला गांव के एक दूर-दराज के इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।

सीबीआई ने सोमवार को यह कार्रवाई की। आरोपी वर्ष 2021 में मामला दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहा था और उसने जांच एजेंसी के समक्ष कभी भी पेश होकर जांच या न्यायालय में चल रही मुकदमे की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।

सीबीआई ने यह मामला कलकत्ता उच्च न्यायालय के 19 अगस्त 2021 के आदेश के अनुपालन में 1 सितंबर 2021 को दर्ज किया था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल पुलिस के दत्तपुकुर थाने में दर्ज एफआईआर पर जांच शुरू की थी। यह मामला पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के उत्तर कलसारा गांव में 3 मई 2021 को हसनूर जमान की हत्या से संबंधित है, जिसे चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं से जोड़कर देखा गया था।

मामले की विस्तृत जांच के दौरान सीबीआई ने वर्ष 2021-22 में खालिद-उज-जमान सहित कुल 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट और पूरक चार्जशीट अदालत में दाखिल की थी। हालांकि, खालिद-उज-जमान लगातार फरार रहा, जिसके चलते उसे घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

सीबीआई के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को ट्रांजिट रिमांड के लिए महाराष्ट्र के धर्माबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे पश्चिम बंगाल लाया जाएगा, जहां बारासात स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से चुनाव बाद हिंसा से जुड़े इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags