Samachar Nama
×

चुनाव आयोग पर सवाल हार की आशंका का नतीजा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर साधा निशाना

चुनाव आयोग पर सवाल हार की आशंका का नतीजा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर साधा निशाना
चुनाव आयोग पर सवाल हार की आशंका का नतीजा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर साधा निशाना

कानपुर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन की अंदरूनी मतभेदों को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आने वाले चुनावों में एनडीए की रिकॉर्ड जीत हासिल करने का दावा किया।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा, "अखिलेश यादव की 'पीडीए' यात्रा को हम सब दूर से देख रहे हैं और आनंद ले रहे हैं। यह कैसा गठबंधन है, जहां एक-दूसरे को चुनौती देने का काम किया जा रहा है। वहां कोई संयुक्त कार्यक्रम नहीं किए जा रहे हैं और साथ मिलकर चुनाव लड़ने के दावे किए जा रहे हैं। हम अक्सर सुनते हैं कि दिल मिले न मिले हाथ मिलने चाहिए। यहां कुछ ऐसा ही मामला है। स्पष्ट रूप से आपसी सामंजस्य बिगड़ा हुआ है।"

अनुप्रिया पटेल ने कहा, "ये साफ है कि एनडीए गठबंधन रिकॉर्ड जीत दर्ज करने जा रहा है। इंडी गठबंधन का हमेशा से यही हाल रहा है, यह कोई नई बात नहीं है। वे लोग एक साथ चलने की बात करते हैं, लेकिन कभी साथ चल नहीं पाते यहां कुछ ऐसा ही मामला है।"

चुनाव आयोग पर उठ रहे सवाल को लेकर अनुप्रिया पटेल ने कहा, "देश में लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत यही है कि अभिव्यक्ति की आजादी है। हर व्यक्ति, राजनीतिक दल और संगठन अपनी राय व्यक्त कर सकता है। एनडीए गठबंधन के आगे जिस तरह से समूचा विपक्ष परास्त हो रहा है। उनको इस बात का अंदाजा है कि 2027 में उत्तर प्रदेश के चुनाव में वे एक बार फिर एनडीए के सामने कड़ी शिकस्त का सामना करने जा रहे हैं। इसलिए अपनी हार का ठीकरा किसी न किसी के सिर पर तो फोड़ना होगा। इसलिए विपक्ष विशेषकर कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना प्रारंभ कर दिया है।"

अनुप्रिया ने कहा, "उन्हें (विपक्ष) पूरी तरह से इस बात का अंदाजा है कि एनडीए के सामने इस बार भी वो कोई खास प्रदर्शन उत्तर प्रदेश में नहीं कर पाएंगे, लेकिन जिस तरह से अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया है, मेरा मानना है कि चुनाव आयोग को अपनी स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए जिससे जनता के मन में कोई भ्रम न हो।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 में विपक्ष ने भ्रम फैलाकर लाभ उठा लिया, लेकिन 2027 में इसकी किसी प्रकार की कोई गुंजाइश न हो तो चुनाव आयोग को अपना पक्ष रख देना चाहिए। सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

चुनाव से बॉयकॉट के सवाल पर राहुल गांधी की ओर से कोई भी जवाब न दिए जाने को लेकर अनुप्रिया पटेल ने कहा, "चुनाव में उनकी (राहुल गांधी) हार तय है। वे सिर्फ एक दुष्प्रचार के माध्यम से राजनैतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले ठीक ऐसा ही हुआ था। विपक्ष की ओर से संविधान और आरक्षण को लेकर अफवाह फैलाई गई थी, जिससे एनडीए गठबंधन को नुकसान हुआ था, लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। मेरा इतना ही कहना है कि एक बार फिर अफवाह फैलाने का जो प्रयास किया जा रहा है, इसमें चुनाव आयोग को अपनी स्थिति स्पष्ट कर देनी चाहिए।"

चुनाव में अपना दल (एस) की सीटों की मांग के सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा, "सीटों को लेकर अभी कोई बातचीत नहीं की गई है, समय आने पर हम सभी साथी दल बैठकर आपस में तय कर लेंगे। हर सीट के जातीय और सामाजिक समीकरण को देखते हुए जो साथी दल जिस सीट को जीत सकता है, उसको लेकर हम आपस में सामंजस्य स्थापित करके तय कर लेंगे। हम सभी की मंशा एक ही है कि एनडीए गठबंधन इस बार अपनी हैट्रिक लगाए और एनडीए की बड़ी जीत दर्ज हो।"

--आईएएनएस

एसडी/वीसी

Share this story

Tags