Samachar Nama
×

चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण विषयों पर स्पष्ट की अपनी स्थिति, विपक्षी दल फैला रहे भ्रम : चिराग पासवान

चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण विषयों पर स्पष्ट की अपनी स्थिति, विपक्षी दल फैला रहे भ्रम : चिराग पासवान
चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण विषयों पर स्पष्ट की अपनी स्थिति, विपक्षी दल फैला रहे भ्रम : चिराग पासवान

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर जनता की ओर से जो चिंताएं सामने आई थीं, उन्हें चुनाव आयोग के समक्ष रखना उनका दायित्व था और अब आयोग ने महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।

इससे एक दिन पहले चिराग पासवान ने कहा था कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में किसी तरह का संदेह नहीं रहना चाहिए और चुनाव आयोग को सवालों पर मजबूती से अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने जोर दिया था कि लोकतंत्र के लिए चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

चिराग पासवान ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि जनता के मन में जब भी कोई सवाल या चिंता होती है, उसे सामने रखना और उसका स्पष्ट समाधान सुनिश्चित करना उनका दायित्व है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर जनता की ओर से जो चिंताएं उनके सामने आई थीं, उन्हें इसी जिम्मेदारी के साथ चुनाव आयोग के समक्ष रखा गया था। उनकी अपेक्षा थी कि चुनाव आयोग इन चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर स्थिति साफ करे।

इससे पहले भी चिराग ने कहा था कि वह सरकार का हिस्सा होने के नाते किसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था का बचाव नहीं करना चाहते, लेकिन चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह जनता के मन में पैदा हुए संदेहों को दूर करे।

चिराग पासवान ने पोस्ट में कहा कि चुनाव आयोग ने अब महत्वपूर्ण विषयों पर बिंदुवार तरीके से स्थिति स्पष्ट की है। उनके मुताबिक, एसआईआर प्रक्रिया, तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति और कैबिनेट सचिव से हुई बैठक से जुड़े तथ्यों पर भी आयोग ने स्थिति साफ की है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से आई यह स्पष्टता लोकतंत्र में जनता के विश्वास को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की अहम भूमिका है और ऐसे में आयोग के स्पष्टीकरण से देश की जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास और बढ़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी दल लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहें है, कहीं न कहीं इस पत्र के माध्यम से जवाब मिला है। जब चुनाव आयोग के खिलाफ ऐसे सवाल उठाएं जाते हैं तो उन राज्यों के लिए विपक्ष जवाब क्यों नहीं देता, जहां विपक्ष की सरकार बनी है।

चिराग पासवान ने शुक्रवार को एसआईआर को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच चुनाव आयोग से खुलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की अपील की थी। उनका कहना था कि यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में सवाल पैदा होते हैं तो यह लोकतंत्र के हित में नहीं है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उनकी चिंता विपक्ष के आरोपों को लेकर नहीं, बल्कि आम लोगों के मन में पैदा होने वाले सवालों को लेकर है। चिराग ने कहा था कि चुनाव आयोग को विपक्षी नेताओं को संतुष्ट करने के बजाय देश की जनता के सामने अपनी बात रखकर संदेह दूर करना चाहिए।

चिराग ही नहीं, एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के नेताओं ने भी विवाद के बीच चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत बताई थी। टीडीपी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं ने भी पारदर्शिता और जनता का भरोसा बनाए रखने पर जोर दिया था।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags