चुम दरांग के बर्थडे पर शिल्पा शिरोडकर ने लुटाया प्यार, कहा- मेरी छोटी सी पावरहाउस
मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और 'बिग बॉस-18' कंटेस्टेंट चुम दरांग शुक्रवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उनकी मित्र और अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने जन्मदिन की बधाई दी।
शिल्पा शिरोडकर ने इंस्टाग्राम पर चुम के साथ कई तस्वीरें शेयर करते हुए प्यार जताया और उन्हें 'छोटी सी पावरहाउस' के साथ ही 'सबसे प्यारी और कोमल दिल वाली' बताया। शिल्पा ने लिखा, "मेरी प्यारी चुम, मेरी छोटी-सी पावरहाउस, आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।"
उन्होंने आगे लिखा, "चुम, तुम्हारे दिल में बहुत सादगी और प्यार है। तुम्हें ऐसे ही चमकते, जमीन से जुड़े रहते और सबकुछ करते देख मुझे हमेशा गर्व होता है। भगवान करे इस साल आपको ढेर सारी खुशियां मिलें, आपके सारे बड़े सपने पूरे हों और आपके जैसी खूबसूरत इंसान को सारा प्यार मिले। मैं हमेशा आपके साथ हूं। आपको बहुत सारा प्यार।"
चुम दरांग और शिल्पा शिरोडकर की दोस्ती की शुरुआत रियलिटी शो 'बिग बॉस 18' के दौरान हुई थी। 'बिग बॉस' के घर में दोनों के बीच काफी गहरी और बहन जैसी बॉन्डिंग देखने को मिली थी, जिसे फैंस ने 'फ्रेंडशिप गोल्स' कहा। शो के दौरान दोनों एक-दूसरे के काफी करीब आ गईं और साथ में करणवीर मेहरा के साथ उनकी तिकड़ी को बहुत पसंद किया गया था।
शो खत्म होने के बाद भी दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलती हैं और सोशल मीडिया पर प्यार जताती हैं।
वहीं, अभिनेता करणवीर मेहरा ने भी चुम दरांग को जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन में चुम की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, चुम दरांग।"
चुम दरांग 'बिग बॉस 18' के ग्रैंड फिनाले तक पहुंचीं और पांचवें स्थान पर रहकर शो से बाहर हुई थीं। घर के अंदर करणवीर मेहरा के साथ उनकी दोस्ती और प्यारा रिश्ता काफी चर्चा में रहा था।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम

