चोट से निराश हूं, लेकिन यह 2027 में वापसी से पहले खुद को बेहतर बनाने का मौका : हैरी केन
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। बायर्न म्यूनिख फुटबॉल क्लब के स्ट्राइकर हैरी केन ने टखने की गंभीर चोट के बाद और अधिक मजबूती से वापसी करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह मुश्किल समय उनके लिए अपनी सहनशक्ति दिखाने और 2027 में वापसी से पहले खुद को बेहतर बनाने का एक मौका है।
बायर्न ने पुष्टि की कि शुक्रवार को बुंडेसलिगा में कोलोन के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहे मैच के दौरान केन के बाएं टखने के लिगामेंट में चोट आई है। इसके बाद केन ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा किए। क्लब ने बताया कि इंग्लैंड के कप्तान को कई महीनों तक मैदान से बाहर रहना पड़ेगा।
केन ने अपने 'इंस्टाग्राम' स्टोरी में लिखा, “जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। जाहिर है कि इस चोट से मैं बहुत निराश हूं, लेकिन हमेशा की तरह यह 2027 में वापसी से पहले खुद को बेहतर बनाने का एक मौका है। मैं पूरी तरह से तरोताजा होकर वापस आऊंगा और सीजन के अहम दौर के लिए तैयार रहूंगा।”
33 वर्षीय खिलाड़ी ने पूर्व एनएफएल खिलाड़ी जूलियन एडेलमैन से मिला एक प्रेरणादायक संदेश भी साझा किया। उन्होंने आगे कहा, “‘मुश्किल समय हमेशा नहीं रहता, लेकिन मजबूत लोग टिके रहते हैं। यह बात मुझे मेरे दोस्त जूलियन एडेलमैन ने बताई है।” केन ने चोट के बाद मिले संदेशों के लिए अपने समर्थकों को धन्यवाद दिया और अपनी पोस्ट का अंत जर्मन वाक्यांश “एलेस गुट” के साथ किया, जिसका अर्थ है सब ठीक है।"
यह चोट केन को तब लगी जब कोलोन के खिलाफ मैच में बायर्न पिछड़ रही थी। डिफेंडर जोएल श्मीड की चुनौती के दौरान केन का बायां टखना चोटिल हो गया। केन ने खेलना जारी रखने की कोशिश की, लेकिन 20वें मिनट में उन्हें मैदान से बाहर बुला लिया गया और उनकी जगह टॉम बिस्कोफ को मैदान पर उतारा गया।
बायर्न की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब माइकल ओलिसे भी चोटिल हो गए। मैच के दौरान उनके पैर के अगले हिस्से में चोट आई। यह फ्रांसीसी विंगर हाफटाइम के बाद वापस नहीं लौटा और बैसाखियों के सहारे स्टेडियम से बाहर गया। केन का बाहर होना सीजन के एक अहम पड़ाव पर हुआ है। विंटर ब्रेक से पहले बायर्न को तीन अलग-अलग प्रतियोगिताओं में सात मैच खेलने हैं।
बायर्न म्यूनिख की टीम बुधवार को चैंपियंस लीग के मुकाबले के लिए लिले जाएगी। इसके बाद वह बुंडेसलिगा लीग में हैम्बर्ग का सामना करेंगे और जर्मन कप के अंतिम 16 (राउंड ऑफ 16) में हेर्था बर्लिन के खिलाफ खेलेंगे। बायर्न को लीग में पैडरबोर्न, हॉफेनहाइम और वर्डर ब्रेमेन का सामना करना है। साथ ही चैंपियंस लीग में स्लाविया प्राग के खिलाफ एक घरेलू मैच भी खेलना है।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी

