Samachar Nama
×

चिराग पासवान पर विवादित टिप्पणी से सियासत गरम, जीतन राम मांझी ने की कार्रवाई की मांग

चिराग पासवान पर विवादित टिप्पणी से सियासत गरम, जीतन राम मांझी ने की कार्रवाई की मांग
चिराग पासवान पर विवादित टिप्पणी से सियासत गरम, जीतन राम मांझी ने की कार्रवाई की मांग

पटना, 21 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार राज्य ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड के सदस्य डॉ. राजन सिंह का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में वे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को लेकर विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। इस पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने कड़ी नाराजगी जताई है। मांझी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर इस बयान की कड़ी निंदा की।

मांझी ने पोस्ट किया, "किसी केंद्रीय मंत्री पर अभद्र टिप्पणी कर उन्हें ट्रांसजेंडर बताना कहीं से ठीक नहीं। मैं बिहार से केंद्रीय कैबिनेट में हमारे साथी चिराग पासवान पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पर कार्रवाई करने की मांग करता हूं।"

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने अपने पोस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी टैग किया और सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

मांझी ने कहा कि किसी भी केंद्रीय मंत्री के खिलाफ ऐसी अपमानजनक टिप्पणियां करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

यह विवाद डॉ. राजन सिंह की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक, राजन सिंह ने चिराग पासवान की पहचान को लेकर आपत्तिजनक दावा किया। मांझी ने इसी टिप्पणी को आधार बनाकर कार्रवाई की मांग की है।

हाल ही में मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान भी चिराग पासवान और विशाल सिंह एक साथ भावुक मुद्रा में नजर आए थे, जिसके बाद से दोनों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में डॉ. राजन सिंह यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि यदि चिराग पासवान अपनी इस पहचान को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लेते हैं, तो उनका समुदाय उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनाने के लिए सड़कों पर उतर आएगा।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story