जनवरी-अगस्त में चीन की रेलवे ने 3.32 अरब यात्रियों को दी सेवा
बीजिंग, 19 सितंबर (आईएएनएस)। चाइना रेलवे समूह से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से अगस्त तक देशभर की रेलवे ने 3 अरब 32 करोड़ यात्रियों को सेवा दी। यह पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 3.9 प्रतिशत अधिक है और इस अवधि का नया रिकॉर्ड है। इस दौरान रेलवे का परिचालन सुरक्षित, स्थिर और व्यवस्थित रहा।
इस वर्ष रेलवे विभाग ने हाई-स्पीड और सामान्य रेलवे के संसाधनों का बेहतर समन्वय करते हुए देशभर में रोजाना औसतन 11,508 यात्री ट्रेनें चलाईं। यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 5 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सीमा-पार यात्री सेवाओं में क्वांगचो-शनचन-हांगकांग हाई-स्पीड रेलवे ने 2 करोड़ 34 लाख 8 हजार यात्रियों को सेवा दी, जो पिछले साल की इसी अवधि से 10.7 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, चीन-लाओस रेलवे से 2 लाख 45 हजार सीमा-पार यात्रियों ने सफर किया, जो साल-दर-साल 39.1 प्रतिशत की वृद्धि है।
इसके साथ ही, चीन में ट्रांजिट वीजा-मुक्त नीति के चलते बढ़ती विदेशी यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे विभाग ने उनके लिए यात्रा सुविधाओं को भी बेहतर बनाया। जनवरी से अगस्त तक देशभर की रेलवे ने 1 करोड़ 66 लाख 83 हजार विदेशी यात्रियों को सेवा दी, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 33.3 प्रतिशत अधिक है।
इसके अलावा, रेलवे विभाग ने स्थानीय संस्कृति और पर्यटन विभागों के साथ मिलकर पर्यटन ट्रेनों के मार्ग भी तैयार किए। जनवरी से अगस्त तक कुल 2,501 पर्यटन ट्रेनें चलाई गईं। इससे यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प और बेहतर अनुभव मिले, साथ ही पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिला।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

