चीन में बच्चों के स्वास्थ्य स्तर में लगातार सुधार : चीन राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग
बीजिंग, 1 जून (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 14वीं पंचवर्षीय योजना (2021-2025) के दौरान देश ने बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।
आयोग के अनुसार, वर्ष 2025 तक चीन में शिशु मृत्यु दर घटकर 3.5 प्रति हजार और पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर घटकर 5.4 प्रति हजार रह गई है। इस उपलब्धि के साथ चीन बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्व के मध्यम और उच्च आय वाले देशों की अग्रणी श्रेणी में शामिल हो गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि चीन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को कवर करने वाले, विभिन्न स्तरों पर समन्वित और परस्पर जुड़े बाल स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क के निर्माण में तेजी लाई है। वर्ष 2025 के अंत तक देश भर में 4,845 माध्यमिक और तृतीयक सार्वजनिक सामान्य अस्पताल तथा 40,000 प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल संस्थान बाल चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में सक्षम हो चुके हैं। इससे बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इसके साथ ही, तंत्रिका नलिका दोष और डाउन सिंड्रोम जैसे गंभीर जन्मजात विकारों को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया गया है। मां से बच्चे में रोगों के संचरण की दर में भी उल्लेखनीय कमी आई है। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों की टीकाकरण दर 90 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है। वहीं, बचपन में होने वाले ल्यूकेमिया और ठोस ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों के निदान और उपचार के स्तर में भी लगातार सुधार हुआ है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और मजबूत हुई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने यह भी बताया कि 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) के दौरान चीन स्वास्थ्य विकास को प्राथमिकता देने की रणनीति पर आगे बढ़ेगा। इस अवधि में रोकथाम, स्क्रीनिंग, निदान, उपचार, पुनर्वास और प्रबंधन को शामिल करते हुए बाल स्वास्थ्य सेवाओं की समग्र प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाएगा।
साथ ही, "सुरक्षित जन्म, सुपोषण और स्वस्थ विकास" पर विशेष जोर दिया जाएगा तथा जन्म से लेकर किशोरावस्था तक बच्चों के लिए संपूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि बाल स्वास्थ्य के स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

