Samachar Nama
×

चाइना मास्टर्स: सात्विक-चिराग ने बनाई सेमीफाइनल में जगह, एस्टुप और रासमुसेन की जोड़ी को हराया

चाइना मास्टर्स: सात्विक-चिराग ने बनाई सेमीफाइनल में जगह, एस्टुप और रासमुसेन की जोड़ी को हराया
चाइना मास्टर्स: सात्विक-चिराग ने बनाई सेमीफाइनल में जगह, एस्टुप और रासमुसेन की जोड़ी को हराया

शेनझेन (चीन), 4 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शुक्रवार को चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को 21-13, 16-21 और 21-18 से हराया।

सात्विक और चिराग ने मैच की शुरुआत अच्छी की थी। हालांकि, डेनमार्क की जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद मैच का नतीजा तय करने के लिए खेल तीसरे और निर्णायक गेम तक पहुंचा। सात्विक-चिराग ने आखिरी गेम में संयम बनाए रखा और कड़ी टक्कर के बाद जीत हासिल की। ​​इस जीत के साथ ही चाइना मास्टर्स में भारतीय जोड़ी का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। वह 2019 से हर संस्करण में सेमीफाइनल में पहुंचे हैं और 2023 व 2025 में उपविजेता रहे हैं।

यह चाइना मास्टर्स में एस्ट्रुप और रासमुसेन के खिलाफ उनकी दूसरी जीत थी। इससे पहले उन्होंने 2024 के क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क की इस जोड़ी को हराया था। इससे पहले, चाइना मास्टर्स में किदांबी श्रीकांत का सफर क्वार्टर फाइनल में ली चेुक यियू से हारने के बाद खत्म हो गया।

श्रीकांत को शेनझेन एरिना में ली के हाथों 16-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। तीन साल में यह श्रीकांत का किसी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 या उससे बड़े इवेंट में पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला था। इस हार के बाद ली का श्रीकांत पर दबदबा और बढ़ गया है। अब श्रीकांत लगातार चार बार ली से हार चुके हैं। हांगकांग के इस खिलाड़ी के खिलाफ श्रीकांत को अपने करियर में सिर्फ एक जीत मिली है, जो 2018 इंडिया ओपन के पहले दौर में आई थी।

प्री-क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत ने कनाडा के दुनिया के नंबर 9 खिलाड़ी और हालिया वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उन्होंने शुरुआती राउंड में चीनी ताइपे के दुनिया के नंबर 21 खिलाड़ी ची यू-जेन को सिर्फ 35 मिनट में 21-16, 21-15 से हराया था।

गुरुवार को बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय महिला सिंगल्स का सफर तब खत्म हो गया था, जब तन्वी शर्मा जापान की टोमोका मियाजाकी से 21-17, 18-21, 21-16 से हार गई थीं। वहीं, भारत की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो का सफर दूसरे दौर में खत्म हो गया था। उन्हें चीनी ताइपे की लियू कुआंग-हेंग और सू यिन-हुई की जोड़ी ने सीधे गेमों में 21-18, 21-18 से हराया था।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story