Samachar Nama
×

चीन, लाओस, म्यांमार और थाईलैंड का मेकांग नदी पर 168वां संयुक्त गश्त शुरू

चीन, लाओस, म्यांमार और थाईलैंड का मेकांग नदी पर 168वां संयुक्त गश्त शुरू
चीन, लाओस, म्यांमार और थाईलैंड का मेकांग नदी पर 168वां संयुक्त गश्त शुरू

बीजिंग, 18 अगस्त (आईएएनएस)। चीन, लाओस, म्यांमार और थाईलैंड ने मेकांग नदी पर 168वां संयुक्त गश्ती और कानून प्रवर्तन अभियान शुरू किया।

इस अभियान में चारों देशों के कुल 106 कानून प्रवर्तन कर्मियों को तैनात किया गया है। यह अभियान 12 दिनों तक चलेगा। 17 से 21 अगस्त तक मेकांग नदी के पूरे क्षेत्र में संयुक्त गश्त की जाएगी।

इस दौरान चारों देशों के कानून प्रवर्तन पोत निर्धारित जलक्षेत्रों में एकत्र होकर संयुक्त गठन बनाएंगे और प्रमुख जलमार्गों, खतरनाक उथले क्षेत्रों, नदी किनारे के घाटों और सहायक नदियों के नौका मार्गों पर अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करेंगे।

साथ ही, संयुक्त रूप से जल और तट क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। 22 से 28 अगस्त तक संयुक्त कानून प्रवर्तन पोतों का 70वां बैच प्रशिक्षण के लिए लाओस भेजा जाएगा।

इसके अलावा, इस अभियान के दौरान चारों देश थाईलैंड में एक बहुपक्षीय सूचना आदान-प्रदान बैठक आयोजित करेंगे। इसमें हाल की सीमा पार घटनाओं और नदी बेसिन में अपराधों से निपटने के प्रयासों पर रिपोर्ट पेश की जाएगी।

साथ ही, चारों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने, सूचनाओं को साझा करने तथा नदी बेसिन में होने वाली प्रमुख अवैध और आपराधिक गतिविधियों से निपटने के लिए विचारों और सुझावों का आदान-प्रदान किया जाएगा।

बताया गया है कि इस समय मेकांग नदी में बाढ़ का मौसम चल रहा है और जल की स्थिति भी जटिल बनी हुई है। ऐसे में चीन, लाओस, म्यांमार और थाईलैंड की कानून प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से जल आपातकालीन बचाव अभ्यास, नौवहन जोखिम का आकलन और बाढ़ के मौसम में सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगी।

इन प्रयासों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना, नदी किनारे बसे देशों के जहाजों और लोगों के जीवन तथा संपत्ति की सुरक्षा करना और नदी बेसिन की सुरक्षा व स्थिरता बनाए रखना है। साथ ही, इससे क्षेत्रीय समृद्धि और विकास को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags