Samachar Nama
×

चीन को हराकर साउथ कोरिया की महिला टीम ने तीसरा उबर कप जीता

होरसेंस (डेनमार्क), 3 मई (आईएएनएस)। साउथ कोरिया विमेंस टीम ने रविवार को शानदार टीम प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन चीन को 3-1 से हराकर तीसरी बार उबर कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। साउथ कोरिया इससे पहले कुआलालंपुर में साल 2010 और बैंकॉक में 2022 में भी यह ट्रॉफी जीत चुका है। दोनों बार उन्होंने चीन को ही हराया था। इस बार फोरम होरसेंस में भी कोरियन टीम ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए एक और यादगार जीत दर्ज की।

रविवार को मुकाबले की शुरुआत वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी एन से-यंग के दमदार प्रदर्शन से हुई। उन्होंने वर्ल्ड नंबर 2 वांग झीयी को 21-10, 21-13 से हराकर मैच का माहौल अपने पक्ष में कर लिया, जिससे साउथ कोरिया को शुरुआती बढ़त मिल गई। यह मुकाबला 47 मिनट तक चला।

16 चैंपियनशिप जीत चुकी चीन की टीम ने तुरंत पलटवार किया। वर्ल्ड नंबर 1 डबल्स टीम की दमदार जोड़ी लियू शेंगशू और टैन निंग ने जियोंग ना-यून और ली सो-ही को कड़ी टक्कर देते हुए 53 मिनट में 21-15, 21-12 से जीत हासिल करके मैच को 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे सिंगल्स मैच के दौरान मुकाबले का रुख फिर से साउथ कोरिया के पक्ष में मुड़ गया। वर्ल्ड नंबर 17 खिलाड़ी किम गा-यून ने शांत और असरदार खेल दिखाते हुए वर्ल्ड नंबर 4 खिलाड़ी चेन युफेई को 55 मिनट में 21-19, 21-15 से हराया, जिससे उनकी टीम खिताब के और करीब पहुंच गई।

जैसे-जैसे दबाव बढ़ता गया, अहम डबल्स मैच में साउथ कोरिया की बेक हा-ना और किम हे-जियोंग की जोड़ी ने चुनौती का डटकर सामना किया। चीन की जिया यिफान और झांग शुक्सियन से पहला गेम 16-21 से हारने के बाद, कोरियन जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए अगले दो गेम 21-10, 21-13 से जीते और 85 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय पुरुष टीम ने थॉमस और उबर कप 2026 में ब्रॉन्ज मेडल के साथ अपना अभियान समाप्त किया। शुक्रवार को होरसेंस (डेनमार्क) में खेले गए सेमीफाइनल में भारत को फ्रांस के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। साल 2022 की चैंपियन भारतीय टीम ने क्वार्टरफाइनल में चीनी ताइपे को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। हालांकि, सेमीफाइनल से पहले टीम को बड़ा झटका लगा, जब उनके शीर्ष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन को कोहनी की चोट के कारण मुकाबले से बाहर बैठना पड़ा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags