Samachar Nama
×

चीन की दूरदर्शी पहलः अब सुंदर देश के निर्माण के लिए चीन ने कसी कमर

चीन की दूरदर्शी पहलः अब सुंदर देश के निर्माण के लिए चीन ने कसी कमर
चीन की दूरदर्शी पहलः अब सुंदर देश के निर्माण के लिए चीन ने कसी कमर

बीजिंग, 12 जुलाई (आईएएनएस)। चीन ने हाल के वर्षों में भले ही तेजी से विकास किया हो, लेकिन उसका ध्यान संतुलित और गुणवत्तापूर्ण विकास से हटा नहीं है। लगातार देश की प्रगति और जनकेंद्रित योजनाओं पर फोकस किया जा रहा है। कहने में दोराय नहीं है कि चीन ने विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित अर्थव्यवस्था पर भी बहुत ध्यान दिया है।

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग अकसर इस बारे में बात करते हैं। चीन ने इसे देखते हुए प्रदूषण फैलाने वाले तमाम कारखानों और उपकरणों को बंद कर दिया है। इनके बदले स्वच्छ ऊर्जा आधारित संसाधनों के इस्तेमाल पर बल दिया जा रहा है। जिसका परिणाम हमें दिख रहा है, क्योंकि चीन में नीले आसमान वाले दिनों की संख्या में पहले के मुकाबले काफी इजाफा हो गया है।

कहा जा सकता है कि चीन में इन दिनों साफ आसमान वाले दिनों का एक सुनहरा दौर चल रहा है, और अब बड़े शहरों में ज़्यादा स्मॉग (धुंध) शायद ही कभी देखने को मिलता है। प्रदूषण-रोधी सख़्त अभियानों और साफ़ ऊर्जा के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के कारण राजधानी पेइचिंग जैसे बड़े शहरों में ज़्यादातर दिनों में हवा की गुणवत्ता 'बहुत अच्छी' से 'ठीक-ठाक' बनी रहती है। साल 2025 में पेइचिंग में 95 फीसदी दिनों में ‘ब्लू स्काई’ देखने को मिला।

अब इस बीच चीन को और सुंदर बनाने पर काम किया जाएगा। जिसके लिए अगले चार-पांच वर्षों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। चीनी स्टेट काउंसिल ने देश के लिए व्यापक योजना जारी की है, जो चीन को आर्थिक रूप से मजबूत देश के साथ-साथ सुंदर देश बनाने पर भी ध्यान देगी।

बताया जा रहा है कि 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-30) के दौरान 'सुंदर चीन' बनाने के लिए एक योजना जारी की गयी है। इस योजना में इस पहल को व्यापक रूप से आगे बढ़ाने के लिए ज़रूरी बातें, लक्ष्य, मुख्य काम और बड़े प्रोजेक्ट्स निर्धारित किए गए हैं।

योजना के अनुसार वर्ष 2030 तक चीन का लक्ष्य इकोलॉजिकल और पर्यावरण की गुणवत्ता में कुल मिलाकर सुधार करना और सुंदर चीन के निर्माण की दिशा में बड़ी प्रगति हासिल करना है। साथ ही, इसमें हरित उत्पादन और जीवनशैली को बड़े पैमाने पर स्थापित करने और समय पर कार्बन उत्सर्जन के उच्चतम स्तर (कार्बन पीकिंग) तक पंहुंचने का लक्ष्य भी शामिल है।

इस योजना में सात मुख्य कार्यों का उल्लेख किया गया है, जिनमें आसमान को नीला, पानी को साफ़ और ज़मीन को स्वच्छ रखने की कोशिशें शामिल हैं। इसका लक्ष्य इकोसिस्टम में सुधार को बढ़ावा देना, जलवायु परिवर्तन से सक्रिय रूप से निपटना और हरित उत्पादन व जीवनशैली को अपनाने की गति को तेज़ करना भी है।

इसमें वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण, पानी और समुद्री इकोलॉजिकल पर्यावरण के संरक्षण और बहाली, मिट्टी के प्रदूषण के स्रोतों को नियंत्रित करने और उनके उपचार, औद्योगिक ठोस कचरा प्रबंधन, और नए प्रदूषकों के समन्वित उपचार जैसे क्षेत्रों में बड़े प्रोजेक्ट्स का प्रस्ताव भी रखा गया है।

इससे पता चलता है कि चीन अगले कुछ सालों में इस दिशा में व्यापक रूप से काम करेगा, जो चीन को सुंदर देश बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags