Samachar Nama
×

चीन के ‘सहयोग के निमंत्रण’ में छिपे हैं वैश्विक अवसर

चीन के ‘सहयोग के निमंत्रण’ में छिपे हैं वैश्विक अवसर
चीन के ‘सहयोग के निमंत्रण’ में छिपे हैं वैश्विक अवसर

बीजिंग, 19 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने एपेक (एपीईसी) सीईओ समिट के उद्घाटन समारोह में मुख्य भाषण दिया, जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। आज एशिया-प्रशांत क्षेत्र का विकास एक ओर एकतरफावाद और संरक्षणवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तो दूसरी ओर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी नई तकनीकों से विकास के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि दुनिया खुलेपन और सहयोग का रास्ता चुनेगी या फिर बंदी और विभाजन का?

यह एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब सभी देशों को मिलकर देना होगा। इसी संदर्भ में चीन ने चार सुझाव पेश किए हैं। इनमें शांति और स्थिरता बनाए रखना, खुले सहयोग को बढ़ावा देना, नवाचार के जरिए विकास को गति देना और आपसी लाभ के साथ साझा प्रगति का रास्ता अपनाना शामिल है। ये सुझाव एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण और क्षेत्र की साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने की दिशा दिखाते हैं।

इसके साथ ही, वर्ल्ड बे एरिया इकोनॉमिक कोऑपरेशन अलायंस की स्थापना का समर्थन करने की घोषणा भी की गई है। इससे खुले और सहयोगपूर्ण एशिया-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के प्रति चीन की प्रतिबद्धता जाहिर होती है।

चीन का यह ‘सहयोग का निमंत्रण’ सबसे पहले उसके विशाल और खुले बाजार में दिखाई देता है। चीन दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और यहां दुनिया का सबसे बड़ा मध्यम आय वर्ग मौजूद है। इसके अलावा, चीन एपेक की 13 सदस्य अर्थव्यवस्थाओं का सबसे बड़ा व्यापार साझेदार भी है।

इस साल के पहले 10 महीनों में चीन और अन्य एपेक अर्थव्यवस्थाओं के बीच आयात-निर्यात में पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 25.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। विदेशी निवेश के लिए प्रतिबंधित क्षेत्रों की सूची को लगातार छोटा करने और सेवा क्षेत्र में बाजार खोलने से लेकर हर साल चीन अंतरराष्ट्रीय आयात एक्सपो आयोजित करने तथा ‘चीन को निर्यात करें’ जैसी पहलें शुरू करने तक, चीन अपने बाजार को लगातार दुनिया के लिए खोल रहा है। इससे विभिन्न देशों की कंपनियों को चीन में कारोबार बढ़ाने और विकास के नए अवसर हासिल करने का मौका मिल रहा है।

इसके अलावा, चीन में नवाचार आधारित विकास और हरित बदलाव भी दुनिया के कारोबार जगत के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। वर्ष 2025 में चीन के नवाचार सूचकांक में पिछले साल के मुकाबले 6.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि आर्थिक विकास की नई गतिशीलता को दर्शाने वाला सूचकांक 12.5 प्रतिशत बढ़ा।

वहीं, चीन के कृत्रिम बुद्धिमत्ता उद्योग का आकार 1.2 खरब युआन से अधिक हो गया है। चीन आधुनिक औद्योगिक व्यवस्था के निर्माण को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। साथ ही, वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचार को उद्योगों के साथ जोड़ने पर भी जोर दे रहा है। इससे दुनिया भर की कंपनियों को नई तकनीकों के व्यावहारिक इस्तेमाल, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और उद्योगों को आधुनिक बनाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

सबसे अहम बात यह है कि चीन दुनिया के विभिन्न देशों के कारोबारियों को आपसी लाभ और साझा विकास पर आधारित सहयोग का अवसर देना चाहता है। संरक्षणवाद के बढ़ते रुझान के बीच चीन बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था की मजबूती से पैरवी कर रहा है। साथ ही, ‘बेल्ट एंड रोड’ पहल के उच्च गुणवत्ता वाले संयुक्त निर्माण को आगे बढ़ा रहा है।

चीन ने टैरिफ में कटौती और बाजार तक पहुंच आसान बनाने के साथ-साथ नियमों, प्रबंधन और मानकों जैसे अहम क्षेत्रों में सुधार की दिशा में भी अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। चीन विनिर्माण क्षेत्र में निवेश और कारोबार के लिए पूरी तरह खुलापन सुनिश्चित करेगा, जबकि सेवा क्षेत्र को भी चरणबद्ध तरीके से और अधिक खोलेगा। इससे विदेशी कंपनियों को चीन में निवेश और कारोबार के लिए अधिक स्थिर, भरोसेमंद और बेहतर माहौल मिल सकेगा।

गौरतलब है कि चीन की 15वीं पंचवर्षीय योजना केवल देश के भविष्य के विकास का खाका नहीं है, बल्कि यह दुनिया भर के कारोबारियों और निवेशकों के लिए नए अवसरों का रास्ता भी खोलती है। आज एशिया-प्रशांत क्षेत्र बदलाव के एक नए दौर से गुजर रहा है और विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में चीनी शैली के आधुनिकीकरण से मिलने वाले अवसरों को साझा करके एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग, विकास और आपसी लाभ का दायरा और भी व्यापक बनाया जा सकता है।

(साभार - चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags