Samachar Nama
×

चीन के हरित प्रमाणपत्रों का पहली बार हांगकांग में बड़े पैमाने पर कारोबार

चीन के हरित प्रमाणपत्रों का पहली बार हांगकांग में बड़े पैमाने पर कारोबार
चीन के हरित प्रमाणपत्रों का पहली बार हांगकांग में बड़े पैमाने पर कारोबार

बीजिंग, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। 14 अक्टूबर को चीन में पहली बार हरित प्रमाणपत्रों का सीमापार सामूहिक कारोबार क्वांगतोंग प्रांत की राजधानी क्वांगचो में संपन्न हुआ। इस दौरान करीब एक लाख हरित प्रमाणपत्रों का लेन-देन हुआ, जो लगभग 10 करोड़ किलोवाट-घंटे नवीकरणीय ऊर्जा से उत्पादित बिजली के बराबर है। इस कारोबार के साथ चीन के हरित बिजली प्रमाणपत्र (जीईसी) ने बड़े पैमाने पर हांगकांग के बाजार में प्रवेश किया है।

इससे चीन की मुख्य भूमि के हरित प्रमाणपत्र बाजार और हांगकांग के अंतरराष्ट्रीय हरित वित्तीय बाजार के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ है। इसे चीन के हरित प्रमाणपत्रों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और क्वांगतोंग-हांगकांग-मकाऊ महाखाड़ी क्षेत्र में हरित ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

इस कारोबार में पहली बार 'डबल एजेंट' मॉडल अपनाया गया। इसके तहत मुख्य भूमि की छह नई ऊर्जा बिजली उत्पादक कंपनियों ने शेनचन हरित बिजली एवं हरित प्रमाणपत्र सेवा केंद्र के माध्यम से हांगकांग एक्सचेंज एंड क्लियरिंग लिमिटेड के कोर क्लाइमेट प्लेटफॉर्म से जुड़े हांगकांग के खरीदारों के साथ बातचीत की। इसके बाद क्वांगचो बिजली व्यापार केंद्र के जरिए हरित प्रमाणपत्रों का सीमापार सामूहिक कारोबार पूरा किया गया।

इस खरीद प्रक्रिया में हांगकांग की नौ संस्थाओं ने हिस्सा लिया। इनमें सार्वजनिक सेवाओं, बैंकिंग एवं वित्त, रियल एस्टेट और संपत्ति प्रबंधन तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी संस्थाएं शामिल थीं। इस नई व्यवस्था ने हांगकांग और मकाऊ में हरित प्रमाणपत्रों की खरीद के लिए पहले इस्तेमाल होने वाले छोटे और अलग-अलग लेन-देन के तरीके से आगे बढ़कर सामूहिक कारोबार का रास्ता खोला है।

इससे मुख्य भूमि के हरित प्रमाणपत्रों का सीमापार इस्तेमाल अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और ट्रैक करने योग्य बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, दोनों बाजारों के बीच संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल, बाजार संपर्क और कीमतों की आपसी मान्यता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे साझा विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

बता दें कि इसी दिन क्वांगचो बिजली व्यापार केंद्र और हांगकांग एक्सचेंज ने व्यापक सहयोग समझौते पर भी हस्ताक्षर किए।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags