चीन के सछ्वान प्रांत के पहाड़ी इलाके में सेब की खेती से ग्रामीणों की बढ़ रही आमदनी
बीजिंग, 16 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण-पश्चिमी चीन के सछवान प्रांत स्थित ल्यांगशान यी जातीय स्वायत्त प्रिफेक्चर की शिदे काउंटी के पहाड़ों में, समुद्र तल से 2,000 मीटर से भी अधिक की ऊंचाई पर फैला 20 हेक्टेयर से अधिक का सेब बाग इन दिनों फसल की कटाई के लिए पूरी तरह तैयार है।
सात साल पहले, घर से दूर काम कर रहे हुआंग योंग अपने गृहनगर लौटे और उन्होंने पहाड़ी जमीन किराए पर लेकर सेब की खेती शुरू की। स्थानीय सुहावनी जलवायु और भरपूर धूप को देखते हुए, उन्होंने विशेषज्ञों की सलाह पर "सूअर पालन + फल रोपण" का चक्रीय कृषि मॉडल विकसित किया।
इसके तहत सूअर फार्म से मिलने वाले गोबर को किण्वित कर जैविक खाद तैयार की जाती है, जिसका इस्तेमाल 30,000 से ज्यादा सेब के पेड़ों के लिए किया जाता है। इस तरह खेती और पशुपालन को एक-दूसरे से जोड़कर पर्यावरण के अनुकूल कृषि व्यवस्था तैयार की गई है।
दो साल पहले, हुआंग योंग के बेटे हुआंग चिनची ने विश्वविद्यालय से स्नातक होने के बाद गृहनगर लौटने का फैसला किया और औद्योगिक पार्क के प्रबंधन में अपने पिता की मदद करने लगे। इस पार्क में एक आधुनिक सुअर पालन केंद्र भी है, जहां हर साल दसियों हजार सूअर पाले जाते हैं।
यहां पैदा होने वाले सेब अपनी पर्यावरण के अनुकूल गुणवत्ता के साथ-साथ कुरकुरे, मीठे और रसीले स्वाद के लिए क्वांगचो, पेइचिंग और दूसरे शहरों के खरीदारों के बीच लोकप्रिय हैं। इनमें से कुछ सेब वियतनाम को भी निर्यात किए जाते हैं।
इसी बीच, "कंपनी + सहकारी समिति + किसान" मॉडल ने स्थानीय ग्रामीणों के लिए आय के नए रास्ते खोले हैं। ग्रामीणों को जमीन का किराया मिलता है और वे बागों में काम करके रोजाना करीब 80 युआन कमा सकते हैं। हुआंग चिनची ने बताया कि आगे उनकी योजना बागों का विस्तार करने के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन, फल और सब्जी तोड़ने तथा सेब प्रसंस्करण जैसे उद्योगों को विकसित करने की है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के और अवसर पैदा होंगे और ग्रामीणों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

