चीन और वियतनाम के बीच समुद्री कार्यों पर नए दौर का परामर्श आयोजित
बीजिंग, 4 जून (आईएएनएस)। चीन और वियतनाम के कार्य समूहों ने समुद्री कार्यों को लेकर नए दौर का परामर्श आयोजित किया। चीनी विदेश मंत्रालय के सीमा एवं समुद्री मामलों के प्रतिनिधि हू वेई और वियतनाम के विदेश मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सीमा आयोग के निदेशक गुयेन डांग थांग ने संयुक्त रूप से इसकी अध्यक्षता की।
वियतनाम के दक्षिणी बंदरगाह शहर वुंग ताऊ में बेइबू खाड़ी के बाहरी जलक्षेत्रों पर चीन-वियतनाम कार्य समूह के बीच परामर्श का 18वां दौर और समुद्र में संयुक्त विकास पर कार्य समूह के परामर्श का 15वां दौर आयोजित किया गया। दोनों देशों के संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
परामर्श में दोनों पक्षों ने बेइबू खाड़ी के बाहरी जलक्षेत्र के सीमांकन और दक्षिण चीन सागर के संयुक्त विकास पर गहन विचार-विमर्श किया और सर्वसम्मति से दोनों देशों के नेताओं द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण सहमति को गंभीरता से लागू करने, बेइबू खाड़ी के बाहरी जलक्षेत्र के सीमांकन और दक्षिण चीन सागर के संयुक्त विकास में एक साथ तेजी लाने और जल्द से जल्द ठोस प्रगति हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध होने की बात कही।
इसके अलावा, दोनों पक्षों ने अन्य समुद्री मुद्दों पर भी बातचीत की और इस बात पर सहमति व्यक्त की कि समुद्री मतभेदों का उचित प्रबंधन किया जाना चाहिए, समुद्री सहयोग को सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया जाना चाहिए और दक्षिण चीन सागर में शांति और स्थिरता को संयुक्त रूप से बनाए रखा जाना चाहिए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

