Samachar Nama
×

छत्तीसगढ़: बेमेतरा में भीषण सड़क हादसा, बाइक और कार की टक्कर में एक की मौत

छत्तीसगढ़: बेमेतरा में भीषण सड़क हादसा, बाइक और कार की टक्कर में एक की मौत
छत्तीसगढ़: बेमेतरा में भीषण सड़क हादसा, बाइक और कार की टक्कर में एक की मौत

बेमेतरा, 15 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्चे समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा सिमगा जाने वाले मुख्य मार्ग पर ग्राम गुनरबोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, बाइक पर चार लोग सवार थे। दुर्घटना में कुश डेहरे (5 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा प्रवीण डेहरे, सागर सोनकेवरे और आकाश घृत लहरे भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की टीम और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया और यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।

सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार सभी लोग ग्राम ढोकला के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई है। इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई थी, इसमें कुछ लोगों ने प्रशासन को इस दुर्घटना की सूचना दी, जिसके बाद एम्बुलेंस मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेटी

Share this story

Tags