छत्तीसगढ़: सीएमएचओ दंतेवाड़ा में 23 पदों पर नौकरी का मौका, 4 जून तक करें आवेदन
रायपुर, 22 मई (आईएएनएस)। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय (सीएमएचओ), दंतेवाड़ा ने स्टाफ नर्स सहित विभिन्न 23 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं।
सीएमएचओ की ओर से जारी 23 रिक्तियों में चिकित्सा अधिकारी (आरबीएसके) (केवल पुरुष) के 6, दंत शल्य चिकित्सक का 1, फिजियोथेरेपिस्ट के 4, फार्मासिस्ट का 1, स्टाफ नर्स (एसएनसीयू) के 5, तकनीकी सहायक-श्रवण बाधित बच्चे का 1, सचिव सहायक (एसएनसीयू) का 1 और सुरक्षा गार्ड के 4 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे सीएमएचओ की ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार बीएचएमएस/बीएएमएस/बीयूएमएस डिग्री, छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत एमडीएस या छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत बीडीएस, फिजियोथेरेपी (बीपीटी) में ग्रेजुएशन की डिग्री, 50 प्रतिशत अंकों के साथ फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा और फार्मेसी पंजीकरण परिषद में पंजीकरण, बीएससी नर्सिंग या जीएनएम कोर्स उत्तीर्ण और छत्तीसगढ़ नर्सिंग पंजीकरण परिषद में पंजीकृत, आरसीआई से मान्यता प्राप्त संस्थान से युवा बधिर एवं श्रवण बाधितों (डीटीवाईडीएचएच) के प्रशिक्षण में डिप्लोमा, कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम 1 वर्षीय डिप्लोमा के साथ ग्रेजुएशन, 10वीं उत्तीर्ण होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु पद अनुसार 18 से 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 से 70 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, साक्षात्कार, कौशल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 10,000 से 27,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित (यूआर) के लिए 300 रुपए, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 200 रुपए और दिव्यांग/अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के लिए 100 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/

