Samachar Nama
×

छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किया 10वीं-12वीं परीक्षा का टाइम टेबल, 12 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं

छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किया 10वीं-12वीं परीक्षा का टाइम टेबल, 12 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं
छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किया 10वीं-12वीं परीक्षा का टाइम टेबल, 12 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं

रायपुर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर ने मुख्य परीक्षा वर्ष 2027 की समय-सारणी जारी कर दी है। मंडल ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हाईस्कूल, हायर सेकंडरी और शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा की तिथियों की घोषणा की।

इस बार 12वीं बोर्ड की परीक्षा 12 मार्च से और 10वीं बोर्ड की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

मंडल द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 12 मार्च 2027 से 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएगी। वहीं, हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 13 मार्च 2027 से 5 अप्रैल 2027 तक चलेगी। इसके अलावा शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा (प्रथम एवं द्वितीय वर्ष) 12 मार्च 2027 से 20 मार्च 2027 तक आयोजित होगी।

मंडल ने बताया कि विस्तृत समय-सारणी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थी विषयवार पूरा टाइम टेबल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। मंडल ने स्कूलों को भी निर्देश दिया है कि वे समय-सारणी की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाएं, ताकि वे समय पर तैयारी कर सकें।

टाइम टेबल जारी होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में परीक्षा की तैयारी को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। करीब चार महीने का समय मिलने से विद्यार्थियों को रिवीजन और प्रैक्टिस के लिए पर्याप्त मौका मिलेगा। शिक्षकों का कहना है कि विद्यार्थियों को अब विषयवार प्लान बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करना चाहिए।

मंडल अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और नकल रोकने के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता दल सक्रिय रहेंगे और केंद्रों पर सीसीटीवी व अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने और एडमिट कार्ड साथ लाने की सलाह दी गई है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। इसमें प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए मिलने वाला अतिरिक्त समय भी शामिल है। विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका में रोल नंबर और अन्य जानकारी सावधानीपूर्वक भरने की अपील की गई है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story