Samachar Nama
×

छात्रों की जीत पर राज ठाकरे और संजय राउत का संदेश, शिवाजी पार्क में जश्न मनाने का किया आह्वान

छात्रों की जीत पर राज ठाकरे और संजय राउत का संदेश, शिवाजी पार्क में जश्न मनाने का किया आह्वान
छात्रों की जीत पर राज ठाकरे और संजय राउत का संदेश, शिवाजी पार्क में जश्न मनाने का किया आह्वान

मुंबई, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत ने छात्रों को बधाई देते हुए इस जीत का जश्न मनाने के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क में एकत्र होने का आह्वान किया है।

राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए छात्रों और युवाओं के संघर्ष की सराहना की। उन्होंने लिखा, "यह सफलता उनके अडिग संकल्प और धैर्य का परिणाम है। छात्रों की एकजुटता के कारण सरकार को आखिरकार अपने रुख में बदलाव करना पड़ा।"

उन्होंने आगे लिखा, "सभी युवा लड़के-लड़कियों को बहुत-बहुत बधाई। आपके दृढ़ संकल्प की वजह से ही यह मनमानी करने वाली सरकार आखिरकार पीछे हटी है। पिछले 36 दिनों में आपने और आपके माता-पिता ने जो कुछ सहा है, उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना इस पूरे संघर्ष के दौरान मजबूती से आपके साथ खड़ी रही और आगे भी खड़ी रहेगी।"

उन्होंने आगे कहा कि इस संघर्ष से मिली जीत का उत्सव मनाने के लिए सभी छात्र-छात्राएं और उनके परिवार रविवार सुबह 10 बजे वीर सावरकर मार्ग स्थित शिवाजी पार्क पहुंचें। उन्होंने इसे छात्रों की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह जीत पूरी तरह युवाओं की है।

दूसरी तरफ शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भी छात्रों को बधाई देते हुए कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "सभी छात्रों को बधाई! छात्र और युवा अपनी जीत का जश्न पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाने के लिए, 26 जुलाई को सुबह 10:00 बजे वीर सावरकर मार्ग, शिवाजी पार्क, मुंबई में पहुंचें।"

संजय राउत ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे की ओर से किया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, लंबे समय बाद दोनों नेताओं के एक मंच पर आने की संभावना ने इस आयोजन को और अधिक चर्चा का विषय बना दिया है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story