'छात्रों के मुद्दे पर राजनीति नहीं, समाधान जरूरी', भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर साधा निशाना
पटना, 26 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में भाजपा नेताओं ने नीट पेपर लीक विवाद, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, प्रह्लाद जोशी को नई जिम्मेदारी, छात्रों के विरोध प्रदर्शन और आगामी उपचुनाव सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने के लिए नया कानून लाने जा रही है, जिसमें दोषियों के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान होगा।
मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "विपक्ष लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रहा है, लेकिन छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन इसलिए समाप्त किया, क्योंकि सरकार और संबंधित पक्षों के बीच उनकी मांगों को लेकर उचित बातचीत हुई। संसद में जल्द ही एक मजबूत कानून लाया जाएगा, जिसके तहत पेपर लीक करने वालों को तत्काल प्रभाव से आजीवन कारावास जैसी सख्त सजा दी जा सकेगी।"
उन्होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "विपक्षी गठबंधन हमेशा ऐसी राजनीति करता रहा है, जिससे गरीब और वंचित वर्ग आगे न बढ़ सके। विपक्ष की कोशिश रहती है कि युवाओं को पर्याप्त अवसर न मिलें और देश विकास की दिशा में पीछे रहे। संसद का सत्र चल रहा है, लेकिन विपक्ष गंभीर बहस में भाग लेने के बजाय अन्य मुद्दों को उठा रहा है।"
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा और एनडीए उम्मीदवार की जीत तय है। उन्होंने कहा, "बिहार के एक नेता का भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालना भी इस चुनाव को खास बनाता है, और पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरी है।"
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा, "पार्टी व्यक्ति से बड़ी होती है और देश पार्टी से बड़ा होता है। धर्मेंद्र प्रधान ने व्यक्तिगत हितों से ऊपर देशहित को प्राथमिकता दी पर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार कराया और नीट परीक्षा को दोबारा आयोजित कराया।"
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने विपक्ष के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "कई बार विपक्ष जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा सबसे महत्वपूर्ण है और इस मामले में पूरा देश छात्रों के साथ खड़ा है।"
तेजस्वी यादव के आरोपों पर मैथिली ठाकुर ने कहा, "छात्रों को नहीं, बल्कि उन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने हिंसा, पत्थरबाजी, लाठी चलाने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों में भाग लिया। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है।"
केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने भी शिक्षा मंत्रालय में बदलाव और पेपर लीक मामले पर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी छात्रों के भविष्य को लेकर संवेदनशील हैं। परिस्थितियों को देखते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया और सरकार जल्द ही सख्त कानून लेकर आएगी।"
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिए जाने पर सतीश चंद्र दुबे ने कहा, "जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी

