छात्रों के लिए शुरू होगी कैरियर काउंसलिंग हेल्प डेस्क: शिवराज सिंह चौहान
भोपाल, 21 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि छात्रों की कैरियर काउंसलिंग के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी । विदिशा संसदीय क्षेत्र के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज में प्रेम-सुंदर फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में शिवराज सिंह चौहान ने 10वीं के टॉपर्स और 12वीं में सभी विषयों के टॉपर्स सहित कुल 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वालों में एमपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थी शामिल रहे। केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि पढ़ाई के रास्ते में आने वाली छोटी-बड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। 12वीं के बाद बच्चों के सामने अक्सर यह सवाल होता है कि कौन सा कोर्स करें और किस क्षेत्र में कैरियर बनाएं। इसके लिए क्षेत्र में कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था शुरू करने का विचार है, ताकि बच्चों को ढंग से सलाह दी जा सके, इसकी भी शुरुआत करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी कर पहली बार कॉलेज के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी। हेल्प डेस्क पर कंप्यूटर और लैपटॉप की व्यवस्था रहेगी, जहां विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन भरने में मदद की जाएगी। हम स्कॉलरशिप के लिए आपसे आवेदन भरवाएंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पढ़ाई में फीस, किताबों, आवागमन और अन्य छोटी-बड़ी जरूरतों के कारण किसी प्रतिभावान बच्चे की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदेश में लोग मामा कहकर पुकारते हैं और उसका जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए ‘मामा’ केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति जिम्मेदारी, स्नेह और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भाव है। चौहान ने कहा, बेटा-बेटियों मामा तुम्हारे साथ है। मामा मतलब मां का आंचल और पिता का कंधा। दोस्तों जैसा साथी और जरूरत पड़े तो रास्ता दिखाने वाला शिक्षक भी। मामा यानी जो धूप में शीतल छांव बनकर खड़ा हो जाए।
मामा यानी बचपन की वो जिद, जिसे बिना किसी शर्त के पूरा करने की कोशिश की जाए। मामा यानी वो भरोसा कि जब कोई साथ न हो, तब भी एक कंधा हमेशा तुम्हारे साथ खड़ा रहे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व बताते हुए कहा कि, आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे विषय तेजी से भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं। मेरी कोशिश है कि इन नए विषयों की पढ़ाई हमारे अपने क्षेत्र में शुरू हो, ताकि हमारे बच्चों को बाहर भटकना न पड़े और वे यहीं पढ़-लिखकर भविष्य की नई तकनीकों में आगे बढ़ सकें।
--आईएएनएस
एसएनपी/एमएस

