Samachar Nama
×

छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले जेल जाएंगे, भारी जुर्माना भी भरना पड़ेगा : दिनेश शर्मा

लखनऊ, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद दिनेश शर्मा ने री-नीट मामले पर कहा कि जिन लोगों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की है, उन्हें जेल तो जाना होगा और भारी जुर्माना भी भरना होगा।
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले जेल जाएंगे, भारी जुर्माना भी भरना पड़ेगा : दिनेश शर्मा

लखनऊ, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद दिनेश शर्मा ने री-नीट मामले पर कहा कि जिन लोगों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की है, उन्हें जेल तो जाना होगा और भारी जुर्माना भी भरना होगा।

रविवार को नीट री-एग्जाम आयोजित की जाएगी। इसके लिए कई राज्यों की सरकारों ने छात्रों के लिए फ्री बस की सुविधा देने का ऐलान किया है। छात्रों को फ्री यात्रा का लाभ लेने के लिए सिर्फ एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का साफ निर्देश है कि शिक्षा और युवाओं से जुड़े किसी भी मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिनेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा में सबसे आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। पिछले नीट में गड़बड़ी सामने आने पर सरकार ने तुरंत दोषियों को पकड़ा और नकल की वजहों को पूरी तरह खत्म कर दिया। नई टेक्नोलॉजी और पूरी पारदर्शिता के साथ इस परीक्षा की तैयारी की गई है।

उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा मंत्रालय को बधाई देता हूं। जो लोग बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि मोदी सरकार में उन्हें न सिर्फ जेल जाना पड़ेगा, बल्कि इतना भारी जुर्माना भी भरना पड़ेगा कि उनकी तीन पीढ़ियां याद रखेंगी।

उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है, लेकिन एकनाथ शिंदे बाल ठाकरे के सबसे भरोसेमंद साथियों में से एक हैं। बाल ठाकरे कांग्रेस से समझौता करने की बजाय शिवसेना को खत्म करना बेहतर मानते थे। उद्धव ठाकरे जब कांग्रेस के साथ चले गए, तो शिवसेना के कई कार्यकर्ताओं ने उनका साथ छोड़ दिया।

सीएम योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि मैं उनकी बात से बिल्कुल सहमत हूं कि एसआईटी जांच का निर्देश दिया गया है, कुछ समय की प्रतीक्षा कीजिए, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

योग दिवस को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी ने योग को वैश्विक पटल पर पहुंचाया है। रविवार को 170 देशों में योग दिवस मनाए जाएंगे।

पीएम मोदी की स्लोवाकिया यात्रा का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि वे दुनिया के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्हें 33 देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक और राजकीय सम्मानों से नवाजा है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story

Tags