Samachar Nama
×

'छात्र हितों पर कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब', कर्नाटक परीक्षा विवाद पर सुधांशु त्रिवेदी

'छात्र हितों पर कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब', कर्नाटक परीक्षा विवाद पर सुधांशु त्रिवेदी
'छात्र हितों पर कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब', कर्नाटक परीक्षा विवाद पर सुधांशु त्रिवेदी

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक में वेटरनरी प्रवेश परीक्षा और पुलिस भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खड़गे के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर छात्रों के हितों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने छात्र हितों के प्रति कांग्रेस की कथित संवेदनशीलता का मुखौटा उतार दिया है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नीट प्रवेश परीक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने देशभर में छात्रों के हितैषी होने का दावा किया था, लेकिन कर्नाटक में वेटरनरी प्रवेश परीक्षा और पुलिस भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद कांग्रेस का वास्तविक रवैया सामने आ गया है। जब कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियांक खड़गे से इन गड़बड़ियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने अत्यंत असंवेदनशील और निंदनीय टिप्पणी की।

भाजपा सांसद ने दावा किया कि प्रियांक खड़गे ने कहा कि यदि कोई उनका इस्तीफा मांगना चाहता है तो पहले 25 दिनों तक भूख हड़ताल करे, लाठीचार्ज सहे और उसके बाद इस्तीफे की बात करे। त्रिवेदी ने इस बयान को छात्रों की भावनाओं का अपमान बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस के भीतर मौजूद अहंकार, असंवेदनशीलता और छात्र-विरोधी सोच को उजागर करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्र हितों की बात केवल राजनीतिक लाभ के लिए करती है, जबकि वास्तविकता में छात्रों की समस्याओं के प्रति उसका रवैया उदासीन है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के हितों को लेकर संवेदनशीलता और उदारता का परिचय दिया है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेतृत्व के भीतर छात्रों के प्रति कुटिल राजनीति और अहंकार दिखाई देता है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा प्रियांक खड़गे के इस बयान की कड़ी निंदा करती है और छात्रों से अपील करती है कि वे उन राजनीतिक दलों के वास्तविक चरित्र को पहचानें, जो छात्र हितों के नाम पर राजनीति करते हैं। कर्नाटक में वेटरनरी प्रवेश परीक्षा और पुलिस भर्ती परीक्षा में जिन भी स्तरों पर कथित गड़बड़ियां हुई हैं और जिन परीक्षार्थियों के साथ अन्याय हुआ है, उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

त्रिवेदी ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी का चेहरा पूरी तरह उजागर हो गया है, जिसे वह छात्रों के प्रति कथित संवेदनशीलता के मुखौटे के पीछे छिपाने की कोशिश कर रही थी। दिल्ली में कांग्रेस छात्रों के हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन बेंगलुरु में उसका वास्तविक चेहरा सामने आ गया है। भाजपा प्रियांक खड़गे के बयान की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि संबंधित मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लें। साथ ही, परीक्षा में कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में छात्रों के साथ इस प्रकार का अन्याय दोबारा न हो।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story