Samachar Nama
×

छठ महापर्व: पटना में उत्साह का माहौल, चिराग पासवान समेत कई नेताओं ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद

छठ महापर्व: पटना में उत्साह का माहौल, चिराग पासवान समेत कई नेताओं ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद
छठ महापर्व: पटना में उत्साह का माहौल, चिराग पासवान समेत कई नेताओं ने ग्रहण किया खरना का प्रसाद

पटना, 14 नवंबर (आईएएनएस)। छठ महापर्व के खरना के अवसर पर पटना में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर छठ पर्व की विशेष तैयारियां की गईं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नितिन नवीन के आवास पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण किया और छठ पूजा के आयोजन में शामिल हुए। वहीं, नितिन नवीन भी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने खरना का प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामबचन राय और मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। नेताओं ने छठ महापर्व के अवसर पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी की मनोकामनाएं पूरी करे। उन्होंने कामना की कि छठ के माध्यम से प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प और उनके अपने विकसित बिहार के विजन को भी पूरा करने की दिशा में सफलता मिले। चिराग पासवान ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस बार एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी और बड़े पद पर रहते हुए पहली बार अपने आवास पर छठ मना रहे हैं। उन्होंने अपनी और अपनी पूरी पार्टी की तरफ से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी का पूरा और मजबूत समर्थन उनके साथ रहेगा।

बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार भी खरना के अवसर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज छठ का खरना यानी लोहंडा है और वह अपने छोटे भाई जैसे चिराग पासवान के आवास पर शुभकामनाएं देने आए हैं। उन्होंने बिहार के लोगों के साथ-साथ देशवासियों को भी छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

निशांत कुमार ने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति आस्था और सम्मान को दर्शाता है। बिहारवासियों के लिए यह गर्व की बात है कि इस पर्व को यहां सदियों से मनाया जाता रहा है और आज पूरी दुनिया में लोग इसे मनाते हैं।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story