Samachar Nama
×

छह साल के बच्चे का अपहरण कर दो लाख रुपए में बेचा, दो महिला समेत सात आरोपी गिरफ्तार

छह साल के बच्चे का अपहरण कर दो लाख रुपए में बेचा, दो महिला समेत सात आरोपी गिरफ्तार
छह साल के बच्चे का अपहरण कर दो लाख रुपए में बेचा, दो महिला समेत सात आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में छह साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर उसे दो लाख रुपए में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कासना थाने की पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों और दो महिलाओं समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अपहरण की साजिश में शामिल आरोपियों ने बच्चे को दिल्ली की रहने वाली कमलेश नाम की महिला को दो लाख रुपए में बेच दिया था।

पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार, मोटरसाइकिल, नकदी और तीन अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को थाना कासना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका करीब छह साल का बेटा 13 अक्टूबर को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को थाना कासना पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध ग्राम डाढ़ा के पास बच्चा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डाढ़ा गोलचक्कर के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने कार का पीछा किया तो वाहन पेड़ से टकराकर रुक गया। इसके बाद कार में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई औरा कार बरामद की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विकास और नकुल को डाढ़ा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई।

वहीं, कासना के छह प्रतिशत क्षेत्र से पुष्पा और दिल्ली निवासी कमलेश को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से अपहृत बच्चा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी अंकित ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी नकुल के साथ मिलकर काशीराम अस्पताल के सामने से बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद वे अपने अन्य साथियों गुरमीत, सुमित और विकास के साथ बच्चे को औरा कार से गाजियाबाद ले गए थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुमित ने पूछताछ में बताया कि उसकी मामी पुष्पा ने उसे दिल्ली निवासी कमलेश के बारे में जानकारी दी थी। कमलेश एक नाबालिग बच्चे को खरीदने के बदले रुपए देने के लिए तैयार थी। इसके बाद सुमित ने अपने दोस्तों अंकित, नकुल और टैक्सी चालक गुरमीत के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई। आरोप है कि योजना के तहत 13 अक्टूबर की शाम बच्चे को अगवा कर बेच दिया गया। आरोपियों को बच्चे के बदले कुल दो लाख रुपए मिले थे, जबकि ढाई लाख रुपये और बाद में दिए जाने थे।

इस तरह बच्चे को बेचने के लिए कुल साढ़े चार लाख रुपए की बात सामने आई है। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और रुपए के लेनदेन की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि गुरमीत, अंकित और सुमित के हिस्से के डेढ़ लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। नकुल और विकास के पास से 20-20 हजार रुपए तथा पुष्पा के कब्जे से 32,800 रुपए बरामद हुए हैं।

इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई औरा कार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। इस मामले में थाना कासना में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, गुरमीत, अंकित और सुमित के खिलाफ थाना सिकंदराबाद, बुलंदशहर में मुकदमा और आर्म्स एक्ट की धारा में भी मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार, अंकित कुमार, विकास और नकुल के अलावा पुष्पा और कमलेश शामिल हैं।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags