Samachar Nama
×

चीनी पांडा ‘फिंगफिंग’ और ‘फुश्वांग’ अटलांटा चिड़ियाघर पहुंचे

चीनी पांडा ‘फिंगफिंग’ और ‘फुश्वांग’ अटलांटा चिड़ियाघर पहुंचे
चीनी पांडा ‘फिंगफिंग’ और ‘फुश्वांग’ अटलांटा चिड़ियाघर पहुंचे

बीजिंग, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्वी समय के अनुसार 27 सितंबर की सुबह चीनी पांडा ‘फिंगफिंग’ और ‘फुश्वांग’ चार्टर्ड विमान से अमेरिका के अटलांटा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। इसके बाद दोनों पांडाओं को करीब एक महीने की नियमित संगरोध अवधि के लिए अटलांटा चिड़ियाघर में सफलतापूर्वक पहुंचाया गया।

छंगतु पांडा प्रजनन अनुसंधान केंद्र के अनुसार, चार्टर्ड विमान के उतरने के बाद चीन और अमेरिका के पशु चिकित्सकों तथा देखभालकर्ताओं ने दोनों पांडाओं की संयुक्त रूप से जांच की। जांच में दोनों पांडा स्वस्थ पाए गए।

चीनी पशु चिकित्सक और देखभालकर्ता तीन महीने तक चिड़ियाघर में रहेंगे और संगरोध अवधि के दौरान दोनों पांडाओं की देखभाल करेंगे। इसके साथ ही वे पांडाओं को नए वातावरण के अनुरूप ढलने में मदद करने के लिए तनाव अनुकूलन और व्यवहार प्रशिक्षण भी देंगे।

अटलांटा चिड़ियाघर के निदेशक रेमंड किंग ने कहा, "आज का दिन अटलांटा चिड़ियाघर के लिए बेहद खुशी का दिन है। हम ‘फिंगफिंग’ और ‘फुश्वांग’ का हार्दिक स्वागत करते हैं और इस खुशी को सभी के साथ साझा करके बहुत प्रसन्न हैं। अटलांटा चिड़ियाघर पांडा संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए चीनी वन्यजीव संरक्षण संघ के साथ सहयोग जारी रखेगा।"

वहीं, चिड़ियाघर की उप निदेशक जीना फेरी ने चीनी समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि चिड़ियाघर ने अपनी सुविधाओं का उन्नयन और नवीनीकरण पूरा कर लिया है और पांडाओं के स्वागत के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि एक महीने से अधिक की अनुकूलन अवधि के बाद पांडाओं के आगंतुकों से मिलने का इंतजार है।

बता दें कि चीन और अमेरिका के बीच हुए समझौतों के अनुसार, पांडा का यह जोड़ा 10 साल तक अटलांटा चिड़ियाघर में रहेगा। नर पांडा ‘फिंगफिंग’ का जन्म 17 मार्च, 2020 को हुआ था, जबकि मादा पांडा ‘फुश्वांग’ का जन्म 18 अक्टूबर, 2020 को हुआ था।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags