चीन ने जारी की राष्ट्रीय स्वास्थ्य की 15वीं पंचवर्षीय योजना
बीजिंग, 13 जुलाई (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद ने हाल ही में "राष्ट्रीय स्वास्थ्य 15वीं पंचवर्षीय योजना" जारी की है, जिसमें 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) अवधि के दौरान स्वस्थ चीन के निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाने की रूपरेखा पेश की गई है।
इस योजना में सक्रिय स्वास्थ्य के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवन शैली और आर्थिक एवं सामाजिक विकास मॉडल के निर्माण में तेजी लाने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य में व्यापक सुधार करने, चीनी शैली के आधुनिकीकरण के लिए स्वास्थ्य आधार को मजबूत करने आदि क्षेत्रों पर जोर दिया गया है।
योजना में वर्ष 2030 तक के कई लक्ष्य भी तय किए गए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाली रणनीतिक व्यवस्था को धीरे-धीरे मजबूत किया जाएगा। स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़ी नीतियों को और व्यापक बनाया जाएगा। साथ ही, चीनी विशेषताओं वाली बुनियादी चिकित्सा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा, रोगों की रोकथाम, इलाज और जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य प्रबंधन की क्षमता में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है।
योजना में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2030 तक औसत जीवन प्रत्याशा 80 वर्ष तक पहुंचाने और प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों को उच्च आय वाले देशों के स्तर तक लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वर्ष 2035 तक स्वस्थ चीन के निर्माण के लिए मजबूत आधार तैयार हो सके।
इसके अलावा, योजना में पांच प्रमुख क्षेत्रों के तहत 24 अहम कार्यों की रूपरेखा भी दी गई है। इनमें पूरी आबादी को जीवन के हर चरण में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत करना, उच्च गुणवत्ता वाली, कुशल और एकीकृत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का विकास तेज करना, स्वास्थ्य क्षेत्र में नए विकास प्रेरकों को बढ़ावा देना और स्वास्थ्य-केंद्रित प्रभावी शासन व्यवस्था को और मजबूत बनाना शामिल है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

