चीन ने इस वर्ष शुरू किए 100 से अधिक नए अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ान मार्ग
बीजिंग, 4 अगस्त (आईएएनएस)। चीन लॉजिस्टिक्स एवं खरीद संघ (सीएफएली) के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार की बदलती मांग को देखते हुए इस वर्ष चीन ने अपने अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो नेटवर्क का लगातार विस्तार किया है। 31 जुलाई तक देश ने 100 से अधिक नए अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ान मार्ग शुरू कर दिए हैं।
सीएफएली के एविएशन लॉजिस्टिक्स प्रभाग के मुताबिक, केवल जुलाई महीने में देशभर में 11 नए अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ान मार्ग शुरू किए गए। वर्ष 2026 में अब तक कुल 103 नए अंतरराष्ट्रीय कार्गो मार्ग शुरू हो चुके हैं, जिससे हर सप्ताह 229 अतिरिक्त कार्गो उड़ानों की सुविधा जुड़ी है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग में बदलाव को देखते हुए उद्योग ने अपनी रणनीति में भी बदलाव किया है। अब एशियाई क्षेत्रीय बाजार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका के लिए नए कार्गो गलियारों का विस्तार किया गया है, जिससे केवल यूरोपीय बाजार पर निर्भरता कम हुई है।
माल ढुलाई की बात करें तो इन उड़ानों के जरिए मुख्य रूप से सीमा पार ई कॉमर्स से जुड़ा सामान, उच्च स्तरीय विनिर्माण उत्पाद, उच्च मूल्य के सामान, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और ऑटो पार्ट्स का परिवहन किया जा रहा है।
सीएफएली के उपाध्यक्ष और महासचिव मा जेंगरोंग ने बताया कि एआई हार्डवेयर का निर्यात अब एयर कार्गो क्षेत्र की वृद्धि का प्रमुख आधार बन गया है। एआई स्टोरेज, कंप्यूटिंग उपकरण और सेमीकंडक्टर जैसे उच्च तकनीक उत्पादों के निर्यात में तेजी आई है। ये सामान उच्च मूल्य के होते हैं और इन्हें कम समय में पहुंचाना जरूरी होता है, इसलिए कंपनियां इनके परिवहन के लिए हवाई मार्ग को प्राथमिकता दे रही हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

