चीन ने क्यूबा को सौंपी सौर ऊर्जा उपकरणों की नई खेप
बीजिंग, 8 अगस्त (आईएएनएस)। क्यूबा को चीनी सहायता के तहत उपलब्ध कराई जा रही घरेलू सौर ऊर्जा प्रणालियों की नई खेप की पहली शिपमेंट का हैंडओवर (सुपुर्दगी) समारोह शुक्रवार को राजधानी हवाना में आयोजित किया गया।
इस समारोह में क्यूबा के उपप्रधानमंत्री और विदेश व्यापार एवं विदेशी निवेश मंत्री ऑस्कर पेरेज ओलिवा फ्रागा तथा हवाना में चीनी राजदूत हुआ शिन मौजूद रहे।
इस अवसर पर क्यूबा के उपप्रधानमंत्री ने कहा कि देश की राष्ट्रीय विद्युत व्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है और आम नागरिकों को हर दिन अमेरिकी नाकेबंदी के प्रभावों से जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि चीन की यह सहायता क्यूबा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि चीन क्यूबा के ऊर्जा परिवर्तन में अहम भूमिका निभा रहा है और लगातार सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि इन सौर ऊर्जा उपकरणों को दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के साथ-साथ ऊर्जा संकट से प्रभावित नर्सरी, बैंकों और वृद्धाश्रमों में भी वितरित किया जाएगा।
वहीं, चीनी राजदूत हुआ शिन ने कहा कि यह सहायता उपकरण चीनी जनता की ओर से क्यूबाई लोगों के लिए एक उपहार हैं। यह ‘बेल्ट एंड रोड’ पहल के तहत ऊर्जा और जनजीवन से जुड़े सहयोग का एक महत्वपूर्ण परिणाम है।
उन्होंने कहा कि चीन क्यूबा को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता देता रहेगा और दोनों देशों के बीच साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण को और मजबूत करेगा।
गौरतलब है कि चीन ने नवंबर 2025 में भी क्यूबा को 2 किलोवाट क्षमता वाली 5 हजार फोटोवोल्टिक प्रणालियों की एक खेप सौंपी थी। इस बार भेजी जा रही 5 हजार घरेलू सौर ऊर्जा प्रणालियों में प्रति इकाई क्षमता और बैटरी भंडारण क्षमता को और बढ़ाया गया है। इन उपकरणों को क्यूबा की बिजली ग्रिड व्यवस्था और उष्ण कटिबंधीय जलवायु को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

