चीन में बहु-व्यावसाय एकीकरण से उपभोग वृद्धि को मिला बढ़ावा
बीजिंग, 7 सितंबर (आईएएनएस)। हाल के दिनों में दक्षिण-पश्चिमी चीन के छोंगछिंग केंद्र शासित शहर और मध्य चीन के हुपेई प्रांत समेत कई इलाकों में अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में "कृषि प्लस पर्यटन" और "खेल प्लस पर्यटन" जैसे कई व्यावसायिक स्वरूपों को एक साथ जोड़ा गया, जिससे स्थानीय उपभोग को बढ़ावा मिला है।
छोंगछिंग शहर के पानान जिले के शिथान कस्बे के श्वांगचाई गांव में पहाड़ी ढलानों पर फैले 33 हेक्टेयर से अधिक सीढ़ीदार खेतों ने शरद ऋतु में बेहद सुंदर नजारा पेश किया। धान के खेतों को मंच और पहाड़ों को पृष्ठभूमि बनाकर आयोजित कार्यक्रमों में ढोल की थाप, जीवंत ड्रैगन नृत्य और अन्य लोक प्रस्तुतियों ने फसल के मौसम की रौनक बढ़ा दी। इस अनूठे आयोजन ने बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को आकर्षित किया।
इसी तरह, हुपेई प्रांत के श्याओकान शहर के श्याओनान जिले में हाल ही में एक शौकिया बास्केटबॉल लीग का समापन हुआ। 60 दिनों से अधिक चले इस आयोजन में 40 टीमों और करीब 1,000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आयोजन स्थल पर लगाए गए बाजार में 563 व्यापारी पहुंचे और कुल कारोबार 15.8 लाख युआन से अधिक रहा।
वहीं, 10,000 उपभोक्ता वाउचरों के जरिए करीब 13.7 करोड़ युआन की बिक्री हुई। इससे "खेल आयोजन प्लस सांस्कृतिक पर्यटन" के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था और उपभोग को बढ़ावा देने का असर साफ दिखाई दिया।
श्याओनान जिले के प्रचार अधिकारी के मुताबिक, इस शौकिया बास्केटबॉल लीग के आयोजन का उद्देश्य लोगों को मैच देखने, खेल में हिस्सा लेने और खर्च करने के लिए बेहतर मौके उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए उन्हें उम्मीद है कि खेल, संस्कृति और पर्यटन के इस मेल की रफ्तार आगे भी बनी रहेगी।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

