चौथा टी20: भारत के लिए हर हाल में जीत जरूरी, सीरीज अपने नाम करना इंग्लैंड का मकसद
ब्रिस्टल, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को काउंटी ग्राउंड पर टी20 सीरीज का चौथा मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में 0-2 से पीछे है। ऐसे में सीरीज में बने रहने के लिए उसे हर हाल में यह मुकाबला अपने नाम करना होगा।
दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। इसके बाद अगले मुकाबले में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज के तीसरे मैच में इंग्लैंड ने 125 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी, जो इस फॉर्मेट में भारत की सबसे बड़ी हार है। अब इंग्लैंड इस सीरीज को गंवा नहीं सकता। हालांकि, भारत के पास इसे 2-2 से ड्रॉ करवाने का मौका होगा।
इस दौरे पर इंग्लैंड की तेज और उछाल भरी गेंदों का सामना करने में भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल हो रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट इस खराब प्रदर्शन को रोकने के लिए कोई बदलाव करेगा?
सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन को लेकर हो रही है, जिन्हें युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम से बाहर बैठना पड़ा था। अब भारत के सामने यह तय करने की चुनौती है कि क्या टॉप ऑर्डर का संतुलन बिगाड़े बिना अनुभवी बल्लेबाज को वापस लाया जाए।
मिडिल ऑर्डर भी स्थिरता देने में नाकाम रहा है, जबकि भारत की गेंदबाजी में अहम मौकों पर धार की कमी नजर आई है। स्पिनर्स से मिडिल ओवर्स में खेल पर पकड़ बनाने की उम्मीद थी, लेकिन वे लगातार दबाव बनाने में नाकाम रहे, जिससे तेज गेंदबाजों पर ज्यादा जिम्मेदारी आ गई।
दूसरी तरफ, इंग्लैंड के पास उस कॉम्बिनेशन को बदलने की कोई खास वजह नहीं है जिसने हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। फिल सॉल्ट की फॉर्म में वापसी से बल्लेबाजी मजबूत हुई है, जबकि जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज गेंदबाजों की जोड़ी ने अपनी गति और मूवमेंट से लगातार भारत के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया है।
नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के दौरे से लेकर अब तक सभी 5 मुकाबलों में टॉस जीते, लेकिन देश को मैच नहीं जिता सके हैं। वह बतौर कप्तान पहली जीत दर्ज करने का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें अपने खिलाड़ियों में जोश भरना होगा। यहां से भारत की एक ओर हार का मतलब इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाना होगा, जिसके साथ भारत के टीम चयन और रणनीतिक फैसलों पर सवाल उठेंगे।
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वाशिंगटन सुंदर।
इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोश टोंग, जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स।
--आईएएनएस
आरएसजी

