Samachar Nama
×

चतरा : पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

चतरा : पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
चतरा : पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

चतरा, 18 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्हाकला टोला में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी चरका भुइयां के पुत्र राकेश भुइयां के रूप में की गई है।

इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्थानीय ग्रामीणों ने राकेश के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ देखा। इसकी खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने तत्काल इस घटना की सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।

इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस मामले में राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि पुलिस इस प्रकरण की हर संभावित बिंदु से गहराई से तफ्तीश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे हत्या की कोई साजिश है, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से बातचीत कर घटना के पीछे की वजहों को खंगालने में जुटी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एसके

Share this story

Tags