चारधाम यात्रा से पूर्व प्रशासन ने यमुनोत्री पैदल मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
उत्तरकाशी, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। आगामी अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर उत्तरकाशी जनपद में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक करीब 6 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, रेन शेल्टर और सुरक्षा रेलिंग की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह सुचारू स्थिति में उपलब्ध हों।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष सख्ती दिखाते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सुलभ इंटरनेशनल और जिला पंचायत को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं शौचालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र और एसडीआरएफ की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें। साथ ही घोड़ा-खच्चर संचालकों के लिए चरी और प्याऊ की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर सूचना पटल और साइन बोर्डों को बड़े और स्पष्ट रूप में स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्रा पड़ावों पर संपर्क मार्गों, पंजीकरण केंद्रों और अन्य जन-उपयोगी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि कपाट खुलने से पूर्व सभी निर्माण एवं व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं।
इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी ने बड़कोट, दोबाटा और खरादी क्षेत्र में आजीविका स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित आउटलेट केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग में सुधार कर उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, अधिशासी अभियंता विद्युत धर्मवीर सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि बड़कोट तरुण कम्बोज, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एससीएच

