Samachar Nama
×

चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, 23 दिसंबर को सुनाएगा निर्णय

चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, 23 दिसंबर को सुनाएगा निर्णय
चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा, 23 दिसंबर को सुनाएगा निर्णय

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग वाली याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अदालत इस मामले में 23 दिसंबर को फैसला सुनाएगी।

यह याचिका डॉ. रोहिणी घावरी की शिकायत से जुड़ी है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद पर दुष्कर्म, मानसिक और भावनात्मक शोषण तथा शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता की ओर से आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

पिछली सुनवाई के दौरान रोहिणी घावरी के वकील ने अदालत में दलील दी थी कि शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप के मामले में कम से कम सात साल और अधिकतम उम्रकैद की सजा का प्रावधान है। वकील ने कहा था कि ऐसे गंभीर मामले में जांच के नाम पर देरी करने के बजाय तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।

डॉ. रोहिणी घावरी का आरोप है कि स्विट्जरलैंड में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2021 के आसपास उनकी चंद्रशेखर आजाद से बातचीत शुरू हुई थी और दोनों करीब तीन साल तक रिश्ते में रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद बनने के बाद चंद्रशेखर आजाद ने उनसे दूरी बना ली।

इस मामले में इससे पहले 18 नवंबर को भी राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई थी। अदालत ने दिल्ली पुलिस से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी थी। शिकायतकर्ता और उनके वकील की ओर से एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। मामले में आरोपों की अभी न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, 2 नवंबर को चंद्रशेखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग वाली याचिका पर राऊज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई टल गई थी। 23 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पुलिस को 2 नवंबर तक जांच पूरा करने को कहा था। पिछली सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया था कि शिकायत पर जांच जारी है और मामले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां अभी प्राप्त नहीं हुई हैं। पुलिस के अनुसार, बैंक से जुड़ी आवश्यक डिटेल्स अब तक उपलब्ध नहीं हो सकी हैं, जिसके कारण जांच प्रक्रिया जारी है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags