Samachar Nama
×

चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल में निकली हाउस सर्जन भर्ती, 15 जून तक करें आवेदन

चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। सरकारी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, चंडीगढ़ ने अपने विभिन्न विभागों में जुलाई 2026 से दिसंबर 2026 तक के सत्र के लिए छह महीने की अवधि के लिए हाउस सर्जन के अलग-अलग कुल 37 पदों को भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल में निकली हाउस सर्जन भर्ती, 15 जून तक करें आवेदन

चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। सरकारी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, चंडीगढ़ ने अपने विभिन्न विभागों में जुलाई 2026 से दिसंबर 2026 तक के सत्र के लिए छह महीने की अवधि के लिए हाउस सर्जन के अलग-अलग कुल 37 पदों को भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

अस्पताल की ओर से हाउस सर्जन पद के लिए जारी 37 रिक्तियों में चिकित्सा विभाग से 7, चिकित्सा (आईसीयू) से 4, सर्जरी विभाग से 6, ऑर्थो विभाग से 2, स्त्री रोग विभाग से 6, बाल रोग विभाग से 6, नेत्र विभाग से 2, ईएनटी विभाग से 2 और त्वचा विभाग से 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से एमबीबीएस की डिग्री के साथ इंटर्नशिप पूर्ण की हुई होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 जून के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 72,072 रुपए प्रति माह होगी। इसके लिए सभी इच्छुक उम्मीदवारों को 22 जून को सुबह 11 बजे मूल दस्तावेजों/प्रमाणपत्रों के साथ 'सम्मेलन कक्ष, तीसरी मंजिल, नया प्रशासनिक ब्लॉक, जीएमएसएच-16, चंडीगढ़' पते पर उपस्थित होना होगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सरकारी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, चंडीगढ़ के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'चिकित्सा अधीक्षक-सह-संयुक्त प्रधान चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय, (कमरा संख्या 24), सरकारी बहुविशेषता अस्पताल, सेक्टर-16, चंडीगढ़' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक कर दें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी

Share this story

Tags