चैंपियंस लीग: फाइनल में पहुंची पीएसजी, डेम्बेले का गोल रहा निर्णायक
म्यूनिख, 7 मई (आईएएनएस)। ओस्मान डेम्बेले के गोल की मदद से पेरिस सेंट-जर्मेन ने अपने चैंपियंस लीग खिताब का बचाव करने के आखिरी मोड़ पर पहुंच गई है। डिफेंडिंग चैंपियन ने म्यूनिख के एलियांज एरिना में सेमीफाइनल मुकाबले के दूसरे लेग में एफसी बायर्न के खिलाफ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ खेला और कुल मिलाकर 6-5 से जीत हासिल की।
लुइस एनरिक की टीम, जिसने पिछले सीजन के फाइनल में इंटर के खिलाफ आक्रामक प्रदर्शन के साथ चैंपियंस लीग का खिताब जीता था, ने वहीं से शुरुआत की जहां एक साल पहले छोड़ा था और इस मुकाबले में सिर्फ दो मिनट में ही अपनी बढ़त बना ली। पीएसजी के लिए ओस्मान डेम्बेले ने गोल किया। डेम्बेले ने ख्विचा क्वारात्सखेलिया के सटीक पास को गोल में बदल दिया।
मेजबान टीम ने मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन बायर्न म्यूनिख के गोलकीपर मैनुअल न्यूएर ने शानदार बचाव किए। उन्होंने जोआओ नेवेस के हेडर को गोल में जाने से रोक दिया।
पहले हाफ के आखिर में बायर्न ने अच्छा खेल दिखाया। जमाल मुसियाला के दमदार शॉट को पीएसजी के गोलकीपर माटवेई साफोनोव ने रोक लिया। इसके बाद मुसियाला का एक और शॉट थोड़ा ऊपर निकल गया।
दूसरे हाफ की शुरुआत में पेरिस की टीम ने लगातार हमला किया। डिजायर डू और ख्वीचा क्वारात्सखेलिया के शॉट्स पर भी न्यूएर ने बेहतरीन बचाव किया।
दोनों टीमों के पास कई मौके आए। डू को न्यूएर ने फिर गोल नहीं करने दिया, जबकि साफोनोव ने लुइस डियाज़ और माइकल ओलिस के शॉट रोककर अपनी टीम को बचाए रखा।
मैच के आखिर में हैरी केन ने शानदार मूव के बाद जोरदार शॉट मारकर गोल किया, जिससे बायर्न की वापसी की उम्मीद जगी। हालांकि, मेहमान टीम ने अंत तक बढ़त बचाकर मैच अपने नाम कर लिया।
पीएसजी बॉस एनरिक ने कहा, "बायर्न जैसी टीम के खिलाफ हमने जो कैरेक्टर दिखाया, वो बहुत सकारात्मक है। हम लगातार दूसरे चैंपियंस लीग फाइनल में पहुंचकर बहुत खुश हैं। यह बहुत इंटेंस था। बहुत मुश्किल था। वे सबसे ऊंचे लेवल पर फुटबॉल खेलते हैं। दोनों टीमें एक जैसी हैं, हमें ऊपर दबाव बनाना पसंद है। हम बहुत खुश हैं।"
--आईएएनएस
पीएके

