Samachar Nama
×

चक्रवात 'अर्नब' के मद्देनजर ओडिशा को सहायता के आश्वासन पर सीएम माझी ने अमित शाह का जताया आभार

चक्रवात 'अर्नब' के मद्देनजर ओडिशा को सहायता के आश्वासन पर सीएम माझी ने अमित शाह का जताया आभार
चक्रवात 'अर्नब' के मद्देनजर ओडिशा को सहायता के आश्वासन पर सीएम माझी ने अमित शाह का जताया आभार

भुवनेश्वर, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 'अर्नब' चक्रवात से हुए नुकसान की भरपाई के लिए हर संभव मदद का आश्वासन देने पर गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "चक्रवात 'अर्नब' के मद्देनजर ओडिशा को हरसंभव सहायता का आश्वासन देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार। भारत सरकार का यह सहयोग और समर्थन, हर ओडिया (ओडिशावासी) की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के हमारे प्रयासों को और मजबूत करेगा।"

मुख्यमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उन्हें ओडिशा में अर्नब चक्रवात के प्रभाव, प्रभावित जिलों की मौजूदा स्थिति और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने चक्रवात के मद्देनजर ओडिशा को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। भारत सरकार का यह सहयोग और समर्थन लोगों की जान बचाने, प्रभावित परिवारों की मदद करने और पूरे राज्य में राहत, पुनर्वास व पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के हमारे प्रयासों को और मजबूत करेगा।"

इससे पहले अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया था, "चक्रवात 'अर्नब' के मद्देनजर, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि इस आपदा के समय लोगों की कठिनाइयों को कम करने के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें काम में जुट गई हैं और युद्ध स्तर पर बचाव व राहत कार्य चला रही हैं। आपदा के असर का आकलन करने और आगे की आवश्यक सहायता तय करने के लिए जल्द ही आईएमसीटी (अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें) भेजी जाएंगी। भारत सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ लोगों के साथ खड़ी है।"

एक दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जानकारी दी थी कि चक्रवात से प्रभावित आठ जिलों के लिए 19 करोड़ रुपये की अग्रिम राहत राशि जारी की गई है। साथ ही, जमीनी स्तर पर निगरानी रखी जा रही है और केंद्र और पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय भी किया जा रहा है।

इस दौरान 43,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिनमें 2,245 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। 313 राहत टीमों को तैनात किया गया है, जिनकी मदद से 931 बच्चों का सुरक्षित प्रसव कराया गया। चक्रवात 'अर्नब' के दौरान किसी की भी जान न जाए, इस पर विशेष ध्यान देते हुए राज्य पूरी तरह से हाईअलर्ट पर है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story