Samachar Nama
×

चक्रवात 'अर्नब' का असर: रांची में दो दिन बंद रहेंगे केजी से 12वीं तक के स्कूल, हावड़ा-जगदलपुर समेत 14 ट्रेनें रद्द

चक्रवात 'अर्नब' का असर: रांची में दो दिन बंद रहेंगे केजी से 12वीं तक के स्कूल, हावड़ा-जगदलपुर समेत 14 ट्रेनें रद्द
चक्रवात 'अर्नब' का असर: रांची में दो दिन बंद रहेंगे केजी से 12वीं तक के स्कूल, हावड़ा-जगदलपुर समेत 14 ट्रेनें रद्द

रांची, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के संभावित खतरों और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए झारखंड में बड़े एहतियाती कदम उठाए गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा रांची को ऑरेंज जोन में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद रांची जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों को 28 और 29 अक्टूबर को बंद रखने का आदेश दिया है।

दूसरी ओर रेलवे ने इससे झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरने वाली 14 प्रमुख एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया है। रांची जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को कक्षा केजी से 12वीं तक का पठन-पाठन पूरी तरह स्थगित रहेगा।

हालांकि, जिन निजी स्कूलों में पूर्व से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा आयोजित करने या स्थगित करने का निर्णय स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर ले सकेगा, लेकिन इसकी लिखित सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को अनिवार्य रूप से देनी होगी। विद्यार्थियों के लिए छुट्टी रहने के बावजूद शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य निपटाने होंगे और ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी हाजिरी दर्ज करानी होगी।

उधर, पूर्व तट रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 27 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच चलने वाली 14 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। मुख्य एक्सप्रेस ट्रेनों में हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस (18005) 27 से 30 अक्टूबर तक, जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (18006) 28 से 31 अक्टूबर तक, राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस (18107) 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक, जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस (18108) 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक, भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस (18447) 27 से 30 अक्टूबर तक तथा विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस (18515) 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक पूरी तरह रद्द रहेंगी।

इसके अतिरिक्त विशाखापत्तनम-कोरापुट एक्सप्रेस और कई पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि लोग स्टेशन के लिए निकलने से पहले पूछताछ काउंटर, हेल्पलाइन नंबर या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम ऐप के जरिए अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति अवश्य जांच लें।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags